PM_Surya_Ghar: PM सूर्य घर योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकों को लगाई फटकार

Share

ऋण प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनाने का निर्देश, ज्यादा बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने पर जोर

डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान |
समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी बैंकों के प्रबंधक, नोडल अधिकारी, पंजीकृत सोलर वेंडर्स, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता (सिवान व महाराजगंज), जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान योजना की अब तक की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। साथ ही इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है।

बैंकों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
बैठक में सबसे अहम मुद्दा बैंक ऋण से जुड़े आवेदनों का रहा। जिलाधिकारी ने पाया कि बैंकों द्वारा बड़ी संख्या में आवेदनों को अस्वीकार किया जा रहा है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए बैंकों को सख्त निर्देश दिया कि ऋण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों या औपचारिकताओं के नाम पर पात्र लाभुकों को योजना से वंचित करना स्वीकार्य नहीं होगा।

उपभोक्ताओं को जागरूक करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार करें। ऐसे उपभोक्ताओं को सोलर योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि वे बिजली बिल में कमी ला सकें और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकें।

उन्होंने दोनों कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों को योजना के प्रति जागरूक करें और आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, पंचायत स्तर पर भी प्रचार-प्रसार बढ़ाने की बात कही गई।

समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक में उन उपभोक्ताओं की समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जो बैंक ऋण के माध्यम से योजना का लाभ लेना चाहते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दें।

समन्वय से लक्ष्य हासिल करने का निर्देश
अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिले के अधिक से अधिक परिवार इस योजना से लाभान्वित हों और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिले।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930