जीआरपी, आरपीएफ और सीपीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई
नए फुटओवर ब्रिज के पास मिली खेप, अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान।
रेलवे स्टेशन परिसर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को जीआरपी सिवान, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सीपीडीएस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिवान जंक्शन से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर लावारिस हालत में पड़े दो पिट्ठू बैगों से कुल 12.450 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर स्टेशन परिसर में अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक जीआरपी सिवान विकास कुमार आजाद तथा आरपीएफ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के निर्देशन में संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त कर रही थी। जांच के क्रम में प्लेटफॉर्म के पूर्वी छोर पर स्थित नए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के समीप दो लावारिस पिट्ठू बैग पड़े मिले।

संदेह होने पर टीम ने बैगों की जांच की। दोनों बैग खोलने पर उनमें भूरे रंग के टेप से लिपटे तीन-तीन पैकेट मिले। पैकेटों की जांच में उनमें गांजा होने की आशंका व्यक्त की गई। इसके बाद विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सभी पैकेटों की जांच और वजन कराया गया।
कार्रवाई के दौरान दोनों बैगों से कुल 12.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का मानना है कि तस्कर किसी कारणवश खेप को स्टेशन परिसर में छोड़कर फरार हो गए होंगे। मामले की जांच के बाद तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में जीआरपी सिवान थाना में मुकदमा अपराध संख्या 93/26 के तहत एनडीपीएस संशोधित अधिनियम की धारा 8/20 (बी) (ii) (बी) में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अनमोल कुमार को सौंपी गई है।
संयुक्त कार्रवाई में जीआरपी निरीक्षक विकास कुमार आजाद, आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, सीपीडीएस टीम के सहायक उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, आरपीएफ के कांस्टेबल सुभाष यादव तथा जीआरपी के सिपाही श्रवण कुमार और भूपेंद्र कुमार की सक्रिय भूमिका रही। रेलवे स्टेशन पर की गई इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।







