विशाल सोनी, सौरभ सोनी की हत्या और गोविंदा साह पर गोलीबारी के विरोध में सड़क पर उतरा स्वर्णकार समाज
भारी बारिश के बीच सैकड़ों लोगों ने जताया आक्रोश, बोले- लगातार हो रही घटनाओं से समाज में बढ़ रही चिंता

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान।
वैशाली के जनदाहा में सोनार समाज के युवक विशाल सोनी की हत्या, सीवान जिले के भगवानपुर प्रखंड के माघर में सौरभ सोनी बिट्टू की हत्या तथा बेतिया में स्वर्ण व्यवसायी गोविंदा साह पर हुई गोलीबारी के विरोध में सोमवार को सीवान सहित बिहार के कई जिलों में सोनार समाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के आह्वान पर सारण, चंपारण (बेतिया), सीवान सहित अन्य स्थानों पर निकाले गए मार्च में स्वर्णकार समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बड़ी संख्या में न्यायप्रिय नागरिक भी शामिल हुए।
सीवान में भारी बारिश के बावजूद स्वर्णकार समाज के लोगों का उत्साह और आक्रोश कम नहीं हुआ। स्वर्णकार संघ के नेतृत्व में निकाला गया कैंडल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर लोगों ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।


गूगल मीटिंग में लिया गया था सामूहिक निर्णय
स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव एवं सीवान के बहुआयामी उद्यमिता के प्रतीक रूपेश कुमार द्वारा पूर्व में संबोधित सोनार समाज की गूगल मीटिंग में इन घटनाओं के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के तहत बिहार के अलग-अलग स्थानों पर कैंडल मार्च आयोजित किए गए।
मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि लगातार सोनार समाज के लोगों की हत्या, लूट और व्यवसायियों पर हमले की घटनाओं से समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने के साथ अपराधियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए।
जिलाध्यक्ष आनंद सोनी के नेतृत्व में जुटे लोग
सीवान में कैंडल मार्च की अध्यक्षता स्वर्णकार संघ के जिला अध्यक्ष आनंद सोनी ने की। इस दौरान संघ के राष्ट्रीय सचिव रूपेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय, उत्तम सोनी, संजय सोनी, अजय सोनी, राजू सोनी, जय प्रकाश सोनी, विदित सोनी और कंचन सोनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
मार्च के दौरान लोगों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी। भारी बारिश के बीच भी लोगों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट किया कि इन घटनाओं को लेकर सोनार समाज में गहरी नाराजगी है और सुरक्षा को लेकर समाज गंभीर है।






