लोक आस्था के महापर्व छठ पर 51 व्रतियों को भेंट की गई साड़ी
स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह ने एसडीओ अनीता सिंह को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता | महाराजगंज (सीवान)
महाराजगंज प्रखंड के बंगरा गांव स्थित रघुवीर सिंह स्मृति स्मारक परिवार की ओर से लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छठ व्रतियों के सम्मान में साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं महाराजगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनीता सिंह ने लगभग 51 छठ व्रतियों के बीच सप्रेम साड़ी उपहार स्वरूप वितरित की। इस दौरान स्मारक परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और छठ व्रतियों ने भाग लिया।
स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह ने एसडीओ का किया स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह ने किया। उन्होंने स्मारक परिसर पहुंचीं अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानी के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और लोक परंपराओं को संरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

एसडीओ को भेंट की गई ‘सीवान की माटी’ पुस्तक
कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय सह वाचनालय के अध्यक्ष कुमार आशुतोष के निर्देश पर विशेष रूप से तैयार पुस्तक ‘सीवान की माटी’ अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिंह को भेंट की गई। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के सारण प्रमंडल प्रवक्ता कुमार राजकपूर टीपू ने पुस्तक भेंट करते हुए पुस्तकालय सह वाचनालय परिवार की ओर से संचालित सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने पुस्तकालय के माध्यम से समाज में शिक्षा, साहित्य और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी चर्चा की।
छठ पर्व सामाजिक समरसता और आस्था का प्रतीक : भास्कर कुमार सिंह
कार्यक्रम संयोजक भास्कर कुमार सिंह ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पर्व श्रद्धा, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों के बीच साड़ी वितरण का उद्देश्य पर्व की खुशियों को साझा करना और व्रतियों के प्रति सम्मान प्रकट करना है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में सैकड़ों छठ व्रतियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक जय प्रकाश सिंह उपस्थित रहे। इनके अलावा निकाश सिंह, धर्मनाथ पाण्डेय, व्यास सिंह, जोगेश्वर पाण्डेय, बबली, पीयूष, सुहाना, लक्ष्मी, अन्नी, आयुषी, अभिनंदन पाण्डेय, अर्चना, अजीत कुमार और नवीन कुमार सिंह सहित सैकड़ों छठ व्रती एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में रघुवीर सिंह स्मृति स्मारक परिवार की इस सामाजिक पहल की सराहना की गई। आयोजन के माध्यम से लोक आस्था के महापर्व छठ पर सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।






