SiwanPolice: सीवान में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के मामले में प्राथमिकी, हथियार के साथ पांच बदमाश धराए

Share

फोटो कैप्शन: महादेवा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच आरोपी।

साइबर पुलिस ने आपत्तिजनक वीडियो के मामले में शुरू की जांच, महादेवा में बोलेरो सवार पांच आरोपी गिरफ्तार

देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चाकू बरामद, 24 घंटे में 30 अभियुक्तों की गिरफ्तारी

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान

सीवान जिले में अपराध नियंत्रण और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एक ओर सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के कथित प्रयास के मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर महादेवा थाना पुलिस ने हथियार के साथ बोलेरो सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 11 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्तियों के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान विशेष अभियान चलाकर कुल 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

- Sponsored -

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में प्राथमिकी

सीवान पुलिस को 10 नवंबर को सरकारी मोबाइल पर एक आपत्तिजनक वीडियो प्राप्त हुआ। पुलिस के अनुसार वीडियो में विनय पांडेय नामक व्यक्ति द्वारा मुस्लिम समुदाय के प्रति कथित रूप से अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया गया।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उक्त वीडियो सोशल मीडिया प्रोफाइल Simab Akhtar (@simabakhtar2) से प्राप्त हुआ था। वीडियो में कई स्थानों पर कथित अपशब्दों को म्यूट करके प्रस्तुत किया गया था। एक अन्य वीडियो में संबंधित व्यक्ति को इंस्टाग्राम आईडी @SANATANI_VINAY_007 के साथ दिखाया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री से विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य उत्पन्न होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक, साइबर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। टीम वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

महादेवा में बड़ी वारदात की आशंका, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार

इधर, महादेवा थाना पुलिस को 10 नवंबर को गुप्त सूचना मिली कि चकिया गांव की ओर से एक बोलेरो में पांच व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।

सूचना मिलते ही महादेवा थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक विनीत विनायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चकिया पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान तीन मुहानी की ओर से आ रही बोलेरो पुलिस वाहन को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और बोलेरो को रोककर उसमें सवार पांचों व्यक्तियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सीवान और भोजपुर जिले के युवक शामिल

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महादेवा थाना क्षेत्र के रामदेव नगर निवासी विशाल कुमार उर्फ विशाल यादव, पिता राजकुमार यादव; सन्नी कुमार, पिता राजेश यादव; भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के लहंग डुमरिया निवासी विशाल कुमार, पिता श्रीनिवास सिंह; सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खालिसपुर निवासी ऋतिक कुमार, पिता हरिशंकर सिंह तथा महादेवा थाना क्षेत्र के चकिया निवासी संदीप कुमार, पिता मदन यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विशाल कुमार उर्फ विशाल यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध महादेवा थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं।

देसी पिस्टल, चार कारतूस, चाकू और मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान विशाल कुमार उर्फ विशाल यादव के पहने पैंट की कमर से एक देसी पिस्टल और मैगजीन में चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं सन्नी कुमार के पास से एक चाकू मिला।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिस्टल और चाकू लेकर एक साथ निकलते थे तथा सुनसान स्थानों पर अकेले राहगीरों को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करते थे। पुलिस उनके अन्य संभावित आपराधिक संबंधों की भी जांच कर रही है।

इस संबंध में महादेवा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5), 61(2), 111 तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

24 घंटे में 30 गिरफ्तार, 60 वारंटों का निष्पादन

सीवान पुलिस ने जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 24 घंटे में 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें शराब के मामलों में 20, हत्या के प्रयास में एक, डकैती के मामले में पांच, वारंट के मामलों में दो तथा चोरी के मामलों में दो अभियुक्त शामिल हैं।

अभियान के दौरान 60 वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त 118.740 लीटर अवैध शराब, एक देसी पिस्टल, चार कारतूस, दो दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन तथा दो बैटरियां बरामद की गईं। पुलिस ने 16 हजार रुपये जुर्माने की राशि भी वसूल की।

सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने की अपील

सीवान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा अपुष्ट सामग्री साझा करने से बचें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30