अम्बेडकर पार्क से दोपहर 12:30 बजे निकलेगा जुलूस, जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा ज्ञापन
पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान।
वोटर लिस्ट में कथित अनियमितताओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस की ओर से सोमवार, 28 सितंबर को सीवान में प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सीवान में भी पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस के अनुसार, प्रदर्शन की शुरुआत दोपहर 12:30 बजे अम्बेडकर पार्क, गोपालगंज मोड़ से होगी। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर जाएंगे। प्रदर्शन से पूर्व पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले दहन किए जाने की भी घोषणा की गई है।
जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर सवाल उठाती रही है। पार्टी का दावा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उठाए गए कई सवाल अब चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों से जुड़े हैं। हालिया रिपोर्टों में चुनाव आयुक्तों की ओर से कुछ मामलों में असहमति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उन्हें पद से हटाने की मांग करने की बात कही है। साथ ही उनके कार्यकाल के दौरान मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की समीक्षा की मांग भी की जाएगी।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निर्धारित समय पर अम्बेडकर पार्क पहुंचने की अपील की है।
गौरतलब है कि सीवान में कांग्रेस इससे पहले भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी है।






