Siwan: तरवारा में बाइक सवार को बचाने में पलटी कांवरियों की पिकअप, सदर अस्पताल में अफरा-तफरी, घायलों में महिलाएं भी शामिल, पुलिस जांच में जुटी

Share

सड़क हादसे में दो दर्जन कांवरिया घायल: भाजपा नेत्री रूपल आनंद ने संभाला मोर्चा, गंभीर को गोरखपुर भेजा गया

बिहार डेस्क, केएमपी भारत, पटना

सिवान | तरवारा: सावन में बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने जा रहे कांवरियों के एक जत्थे के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुवार की सुबह तरवारा थाना क्षेत्र के नहर के पास कांवरियों से भरी एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा उस समय हुआ जब चालक ने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। पिकअप पलटने से करीब दो दर्जन कांवरिए घायल हो गए, जिनमें कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलते ही भाजपा नेत्री रूपल आनंद भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए और गंभीर रूप से घायल बिटोई राजभर, रामायण राजभर और लीलावती देवी को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस के माध्यम से गोरखपुर रेफर कराया।

बताया जा रहा है कि सभी कांवरिया उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र स्थित बलुआ अफगान गांव के निवासी हैं और हर साल की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा पर निकले थे। सिवान जिले के तरवारा क्षेत्र से गुजरते वक्त यह हादसा हो गया।

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। प्रशासन की ओर से राहत और सहायता का कार्य चल रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031