Bihar Ki Awaaz: कांग्रेस मीडिया विभाग का ‘नेशनल टैलेंट हंट’ लॉन्च, सिवान के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का मौका

Share

कांग्रेस मीडिया विभाग का बड़ा कदम

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान | अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के मीडिया विभाग द्वारा राज्य स्तर पर ‘नेशनल टैलेंट हंट’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत सिवान जिले के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और कांग्रेस पार्टी के साथ सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम को “बिहार की आवाज़” नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य ज़मीनी स्तर से मुखर, सक्षम और प्रतिबद्ध युवाओं को आगे लाना है।

लोकतांत्रिक मूल्यों की भूमि है बिहार

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि बिहार लोकतांत्रिक आस्था और सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक भूमि रही है। यहां लोकतंत्र का बीज गहराई से बोया गया, जो आज एक मजबूत वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना की दिशा में यह पहल की गई है।

तीन प्रमुख क्षेत्रों में होगी प्रतिभाओं की खोज

सुशील कुमार ने बताया कि यह नेशनल टैलेंट हंट कांग्रेस मीडिया विभाग की एक अभिनव और दीर्घकालिक पहल है। इसके अंतर्गत तीन प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिभाशाली व्यक्तियों का चयन किया जाएगा—

  • मीडिया प्रवक्ता / पैनलिस्ट: जो टीवी डिबेट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रख सकें।
  • रिसर्च कोऑर्डिनेटर: जो तथ्य-आधारित शोध, नीतिगत विश्लेषण और मुद्दा-ब्रीफ तैयार कर पार्टी के विचारों को धार दे सकें।
  • पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर: जो सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप नेटवर्क और स्थानीय मीडिया के माध्यम से कांग्रेस का संदेश जन-जन तक पहुंचा सकें।

पारदर्शी और समावेशी चयन प्रक्रिया

नेशनल टैलेंट हंट की चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समावेशी होगी। इसमें समाज के सभी वर्गों, क्षेत्रों और पृष्ठभूमि के लोगों को समान अवसर दिया जाएगा। चयन केवल योग्यता, क्षमता, प्रतिबद्धता और दक्षता के आधार पर किया जाएगा, किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव या पक्षपात से प्रक्रिया मुक्त रहेगी।

संगठन को मिलेगा मजबूत आधार

यह कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी के भविष्य के संप्रेषकों, शोधकर्ताओं और जन-संपर्क नेतृत्व को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पार्टी की संचार क्षमता को जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूती मिलेगी।

- Sponsored -

ये होंगे कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक

इस कार्यक्रम के लिए बिहार के प्रभारी राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे, बिहार कोऑर्डिनेटर असित नाथ तिवारी और सारण प्रमंडल के संयोजक बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अंत में जिला अध्यक्ष सुशील कुमार ने सिवान के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और लोकतांत्रिक आवाज़ को मजबूत करने में सहभागी बनने की अपील की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31