मकान निर्माण के लिए खुदाई के दौरान निकला कोबरा सांप, इलाके में मची अफरातफरी
संवाददाता | सीवान
सीवान शहर के महादेवा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदेव नगर मोहल्ले में बुधवार को मकान निर्माण के दौरान खुदाई में कोबरा सांप निकलने से अफरातफरी मच गई। सांप निकलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना रामदेव नगर निवासी शैलेश दुबे के घर की है, जहां निर्माण कार्य के दौरान जमीन की खुदाई की जा रही थी। https://youtube.com/shorts/Mskxw0bdURs?si=nQMsZTyKt79VW7Q8
बताया जाता है कि शैलेश दुबे के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान खुदाई करते समय अचानक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही वहां काम कर रहे मजदूर सहम गए और तत्काल खुदाई का काम रोक दिया। देखते ही देखते सांप निकलने की सूचना पूरे मोहल्ले में फैल गई। आसपास के लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंचने लगे।
हुसैनगंज के बड़रम से बुलाया गया सपेरा
कोबरा निकलने के बाद उसे पकड़ने के लिए हुसैनगंज प्रखंड के बड़रम गांव से एक सपेरे को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे सपेरे ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। इस दौरान पता चला कि सांप ने एक मेंढक निगल रखा था। सपेरे ने पहले सांप से निगला हुआ मेंढक बाहर निकलवाया। इसके बाद कोबरा को एक डिब्बे में बंद कर अपने साथ ले गया।
सांप पकड़े जाने के बाद मकान मालिक और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस घटना को लेकर मोहल्ले में काफी देर तक चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों के बीच कोबरा सांप कौतूहल का विषय बना रहा।







