डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सीवान।
सिवान के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संजय कुमार पाण्डेय की पूजनीया माता स्वर्गीय सावित्री देवी जी की पावन स्मृति एवं पूजनीय पिता स्वर्गीय अवधेश कुमार पाण्डेय जी की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार की संध्या सीवान शहर के सफायर इन होटल में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चर्चित कवि-कवयित्रियों ने काव्य पाठ के माध्यम से भावनाओं, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को स्वर दिया। https://youtu.be/yNuDNgmF86Y?si=n2jhKeqSNIWIanBH
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा सीवान सदर के लोकप्रिय विधायक मंगल पाण्डेय रहे, जबकि अध्यक्षता सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रो. (डॉ.) हारून शैलेन्द्र ने की। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संजय कुमार पाण्डेय, उनके बड़े भाई राजेश कुमार पाण्डेय एवं समस्त पाण्डेय परिवार द्वारा किया गया था।

पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत संध्या 6 बजे माता-पिता के तैल चित्र पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं आमंत्रित कवि-कवयित्रियों का सम्मान किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन हुआ।

“पूर्वज सदैव पूजनीय होते हैं” : मंगल पाण्डेय

मुख्य अतिथि मंत्री मंगल पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वज हमारे जीवन की प्रेरणा होते हैं। उनका सम्मान करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि साहित्य और कविता समाज को जोड़ने का कार्य करती है और ऐसे आयोजन सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखते हैं।
सरस्वती वंदना से सजी काव्य संध्या

कवि सम्मेलन की शुरुआत डॉ. विष्णु सक्सेना (शिकोहाबाद) द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती की वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया। इसके बाद एक से बढ़कर एक रचनाओं ने श्रोताओं को भावुक, गंभीर और कभी-कभी ठहाकों से भर दिया।
“की जग में माई बिना केहुए सहाई ना होई” पर तालियां

गोरखपुर से आए कवि सुभाष चंद्र यादव की भावपूर्ण भोजपुरी रचना
“की जग में माई बिना केहुए सहाई ना होई”
ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। कविता समाप्त होते ही पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
हास्य-व्यंग्य से गूंजा सभागार

मध्यप्रदेश के हास्य कवि चेतन चर्चित (इंदौर) और सीवान के चर्चित कवि सुनील कुमार तंग ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। सामाजिक विसंगतियों पर करारा व्यंग्य करते हुए दोनों कवियों ने वातावरण को जीवंत बनाए रखा।
देशभर से आए चर्चित कवि

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित कवि-कवयित्रियों ने भाग लिया, जिनमें
डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र (देहरादून), संस्कृति मिश्रा (दिल्ली), डॉ. सर्वेश अस्थाना (लखनऊ), पंडित भूषण त्यागी (वाराणसी), डॉ. श्रीमती आरती अलोक वर्मा (सीवान) प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन कवि डॉ. सर्वेश अस्थाना ने किया।
आयोजन की सराहना

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कवि-कवयित्रियों एवं उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शहर के साहित्य प्रेमियों ने इस आयोजन को सीवान के सांस्कृतिक जीवन के लिए यादगार बताया।






