Crime News: सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र में मकई के खेत में मिला लापता महिला का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

Share

दो दिन से लापता थी महिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स से खुलेगा राज

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

सहरसा | संवाददाता l विकास कुमार

सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकई के खेत से लापता महिला का शव बरामद हुआ। घटना पस्तपार लहौना बहियार की है, जहां दो दिन से लापता 30 वर्षीय उषा देवी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतका की पहचान पस्तपार वार्ड संख्या 12 निवासी लडू कामती की पत्नी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मजदूर खेत में खाद डालने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। शव देखते ही वह घबरा गया और तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, महिला पिछले दो दिनों से लापता थी और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि उषा देवी की कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है, ताकि मामले को छिपाया जा सके।

- Sponsored -

सूचना मिलते ही पस्तपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ आलोक कुमार भी एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतका के कॉल डिटेल्स के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930