Bihar Congress: कांग्रेस कार्यालय की जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, कार्यकर्ताओं में उबाल

Share

संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प; 15 जून तक सभी ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति का लक्ष्य

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता, सीवान। जिला कांग्रेस कार्यालय की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में नेताओं ने भू-माफियाओं और कथित रूप से कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से कांग्रेस कार्यालय की जमीन हड़पने की साजिश का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करने का संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठन सृजन अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार 15 जून 2026 तक सभी प्रखंडों में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महाराजगंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर भाई ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव स्तर तक सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवधारी दुबे ने कांग्रेस कार्यालय की जमीन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भूमि स्वतंत्रता आंदोलन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1938 में भूमिदाता गोकुल प्रसाद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की उपस्थिति में तत्कालीन कांग्रेस नेता एवं बाद में देश के प्रथम राष्ट्रपति बने डॉ. राजेंद्र प्रसाद को यह जमीन कांग्रेस के उपयोग के लिए प्रदान की थी। उन्होंने दावा किया कि यह परिसर स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है।

पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विधु शेखर पांडेय ने कहा कि वर्ष 1988 में डॉ. सीताराम वर्मा ने भी लिखित रूप से स्वीकार किया था कि यह भूमि कांग्रेस पार्टी को दान की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कुछ लोग इस ऐतिहासिक संपत्ति पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को और तेज करेंगे।

बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जिला कांग्रेस कार्यालय की जमीन पार्टी की ऐतिहासिक विरासत है और इसकी रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष शिवधारी दुबे, डॉ. विधु शेखर पांडेय, प्रदुमन राय, अशोक कुमार सिंह, डॉ. के. एहतेशाम अहमद, विश्वनाथ यादव, पूनम सिंह, इरफान अहमद, रमेश उपाध्याय, शशि कुमार, सत्येंद्र नारायण सिंह, हाफिज जुबैर, राधेश्याम शर्मा, शहाबुद्दीन साह, संदीप शर्मा, विकास तिवारी, अमित कुशवाहा, लालबाबू खरवार, नबी रसूल अंसारी, मनुल कुमार मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031