Siwan Police: अवैध हथियार बरामद, हत्या कांड की जांच तेज; 24 घंटे में 22 गिरफ्तार, 255 वारंट तामील

Share

सिवान पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

जी.बी. नगर में हथियार के साथ आरोपी दबोचा, सिसवन हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सिवान पुलिस ने बीते 24 घंटों के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। एक ओर जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध हथियार और कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, वहीं सिसवन थाना क्षेत्र में हुई एक व्यक्ति की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके अलावा जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 22 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए 255 वारंट और 5 कुर्की का निष्पादन किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जी.बी. नगर थाना पुलिस विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण को लेकर क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी जवाहिर प्रसाद के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां से दो देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए। बरामदगी के बाद पुलिस ने जवाहिर प्रसाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में जी.बी. नगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

- Sponsored -

उधर, सिसवन थाना क्षेत्र के साईपुर चरगछिया गांव में एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, 5 जून की रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि गांव निवासी सोहन लाल राम की अज्ञात अपराधियों ने गला काटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवान तथा सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को हत्या के त्वरित उद्भेदन और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी बिंदुओं पर जांच जारी है तथा जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का दावा किया गया है।

इधर, जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। पिछले 24 घंटे में कुल 22 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 4 वारंटी, 9 शराब से जुड़े मामलों के आरोपी, 1 आर्म्स एक्ट का आरोपी, 1 एससी-एसटी एक्ट का आरोपी, 1 हत्या के प्रयास के मामले का आरोपी तथा 6 अन्य मामलों के अभियुक्त शामिल हैं।

अभियान के दौरान पुलिस ने 255 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि 5 मामलों में कुर्की की कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा 21,500 रुपये जुर्माने की राशि भी वसूल की गई। पुलिस ने इस दौरान दो देशी कट्टा और दो कारतूस भी बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा सिवान पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। लगातार चल रहे विशेष अभियान से जिले में अपराधियों के बीच पुलिस का दबाव बढ़ा है और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930