Crime News: सीवान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: CSP लूटकांड का खुलासा, स्मैक तस्कर गिरफ्तार; 24 घंटे में 27 अपराधी दबोचे

Share

लकड़ीनवीगंज और बसंतपुर CSP लूटकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, एक CSP संचालक निकला लाइनर

62.15 ग्राम स्मैक बरामद, 47 वारंट और 4 कुर्की का निष्पादन

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

जिले में अपराध और नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सिवान पुलिस ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा किया। पुलिस ने लकड़ीनवीगंज और बसंतपुर में हुए सीएसपी लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी के दौरान 62.15 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को दबोच लिया गया। इसके अलावा पिछले 24 घंटे के विशेष अभियान में कुल 27 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को लकड़ीनवीगंज थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के सीएसपी संचालक से लूट की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान में मदारपुर गांव से साजिद अली को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा लूट से संबंधित एक मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में उसने 17 अप्रैल को लकड़ीनवीगंज और 1 जून को बसंतपुर में सीएसपी संचालकों से हुई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

जांच के दौरान बैंक के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दूसरे आरोपी आनंद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आनंद कुमार स्वयं एक सीएसपी संचालक है और दोनों लूटकांड में लाइनर की भूमिका निभा रहा था। वह लूट की योजना बनाने और अपराधियों को सूचना देने के बदले लूटी गई रकम का करीब 30 प्रतिशत कमीशन प्राप्त करता था। पुलिस उसके बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

उधर, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखरांव गांव में स्मैक तस्करी की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे ओम प्रकाश गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घर से 62.15 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा एक पेटीएम साउंड बॉक्स बरामद किया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के विशेष अभियान के तहत बीते 24 घंटे में कुल 27 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इनमें 18 शराब मामलों, 5 हत्या के प्रयास, 1 आर्म्स एक्ट, 1 डकैती, 1 एनडीपीएस एक्ट तथा 1 अपहरण मामले का आरोपी शामिल है। अभियान के दौरान 47 वारंट और 4 कुर्की आदेशों का निष्पादन किया गया। साथ ही 663.2 लीटर अवैध शराब, चार दोपहिया वाहन, एक देशी पिस्टल, पांच कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने 25,500 रुपये जुर्माना भी वसूला है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आम नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 अथवा सिवान पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर संपर्क करने की अपील की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031