मीडिया से बोले नवपदस्थापित डीएम- विधि-व्यवस्था और विकास के साथ आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान प्राथमिकता, शांति और सौहार्द बनाए रखने में मांगा सहयोग
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय l सीवान।
सीवान के नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा, भा.प्रा.से. ने बुधवार को जिला पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए जिले के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों को बेहतर प्रशासन उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

डीएम ने कहा कि जिले में सुशासन, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाते हुए विकास योजनाओं को गति दी जाएगी। साथ ही आमजन से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था, विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत किया जाएगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके और विकास कार्यों का अपेक्षित परिणाम जमीन पर दिखाई दे।


नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी ने सीवान की जनता से भी प्रशासन के साथ सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन की ओर से जनहित में किए जाने वाले कार्यों को सफल बनाने में आम लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
डीएम ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर संवाद से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने और उनके समाधान की दिशा में तेजी से काम किया जा सकता है।

पदभार ग्रहण के साथ ही विजय प्रकाश मीणा के सामने सीवान में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, विकास कार्यों में तेजी लाने तथा आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती होगी। आने वाले दिनों में उनकी प्राथमिकताओं और प्रशासनिक कार्यशैली पर जिले की नजर रहेगी।

प्रभारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सीवान उपेंद्र कुमार यादव के अनुसार नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सभी वर्गों से सहयोग और समर्थन की अपेक्षा की है।






