Diwali Safety: दीपावली और छठ पर पटाखों की बिक्री को लेकर प्रशासन सख्त: बिना लाइसेंस बिक्री और भंडारण पर लगा रोक

Share

बिना लाइसेंस पटाखे बेचने पर होगी कड़ी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य

नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर होगी कानूनी कार्रवाई

डीएम और एसपी के संयुक्त निर्देश पर थाना एवं अंचल स्तर पर पटाखा कारोबारियों के साथ बैठक

बिना लाइसेंस बिक्री और भंडारण पर रोक; सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान

- Sponsored -

दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सीवान जिला प्रशासन और पुलिस ने पटाखों की बिक्री एवं भंडारण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना एवं अंचल क्षेत्रों में पटाखा दुकानदारों के साथ बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें दुकानदारों को निर्धारित नियमों के तहत ही पटाखों की बिक्री करने और अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री या भंडारण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बिना लाइसेंस पटाखे बेचने पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी पटाखा दुकानदारों को वैध लाइसेंस और निर्धारित अनुमति के आधार पर ही कारोबार करने का निर्देश दिया गया है। दुकानदार केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त मानक अनुरूप ग्रीन पटाखों की ही बिक्री कर सकेंगे। प्रतिबंधित, अवैध और हानिकारक पटाखों की बिक्री, भंडारण एवं वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य

पटाखा दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही भंडारण करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखनी होगी। दुकानों के आसपास धूम्रपान, खुली आग और ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। बिजली के तारों और अस्थायी कनेक्शन से आग लगने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

सड़क किनारे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नहीं लगेंगी दुकानें

प्रशासन ने सड़क फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से पटाखों की दुकान लगाने पर रोक लगाई है। अस्पतालों, विद्यालयों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों के आसपास पटाखों के उपयोग से संबंधित लागू प्रतिबंधों का पालन करना होगा।

पुलिस करेगी निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। दुकानदारों को जांच के दौरान पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी।

सीवान पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि दीपावली और छठ के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें। ग्रीन पटाखों का सुरक्षित उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध पटाखा भंडारण की सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031