खुजवां में रुद्र महायज्ञ के अवसर पर हुआ आयोजन; ‘अपने-अपने राम’ और ‘बिहार का गौरवशाली इतिहास’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार, विजेता सम्मानित
धर्म अध्यात्म न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
विकास कुमार l संवाददाता | सीवान
रघुनाथपुर प्रखंड के खुजवां गांव में 19 नवंबर को श्रीराम जानकी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ के अवसर पर अंतर्जनपदीय भाषण एवं संगीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। डॉ. उमेश कुमार गुप्ता के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, भगवान श्रीराम के आदर्शों और बिहार के गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का उद्घाटन मंदिर संरक्षण समिति के अध्यक्ष कुंजबिहारी जी, मुंबई के जनरल मैनेजर शशिभूषण जी, बांके बिहारी जी एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। हाई स्कूल खुजवां की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और श्रीराम-जानकी भजन प्रस्तुत किया।
संगीत में अर्चना और भाषण में सोनाली-पलक ने मारी बाजी
संगीत प्रतियोगिता में गौरा उच्च विद्यालय, आदमापुर की अर्चना कुमारी प्रथम रहीं। द्वितीय और तृतीय स्थान हाई स्कूल खुजवां की छात्राओं ने प्राप्त किया।

‘अपने-अपने राम’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता में गंडक उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, तरवारा की सोनाली कुमारी प्रथम और अंशिका कुमारी द्वितीय रहीं। ऊषा कुमारी एवं आरिफ अली संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
‘बिहार का गौरवशाली इतिहास’ विषय में गौरा उच्च विद्यालय की पलक कुमारी प्रथम, सदफ आफरीन द्वितीय तथा आसिफ अली एवं साधना कुमारी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों को मिला सम्मान
निर्णायक मंडल में साहित्यकार डॉ. मन्नू राय, कवि कन्हैया लाल गुप्त, संजय कुमार यादव एवं शिवेंद्र विनोद कुशवाहा शामिल रहे। विजेताओं को कप, स्टेशनरी और आकर्षक उपहार दिए गए। अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमेश कुमार गुप्ता ने किया। शिक्षक रवि गुप्ता, मुरारी कुमार, शिक्षिका प्रिया कुमारी एवं हरेराम जी को विशेष सम्मान मिला। शशिभूषण जी ने पुरस्कार वितरित किए। अंत में बांके बिहारी जी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।






