फोटो कैप्शन : सीवान शहर के एक ज्वेलरी प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक भारत सोनी व अन्य पुलिस अधिकारी।
गुरुवार को एसपी ने किया शहर के विभिन्न आभूषण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत
अमित कुमार | सीवान
सीवान शहर में आभूषण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक भारत सोनी खुद सड़क पर उतरे और शहर के विभिन्न ज्वेलरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, प्रवेश एवं निकास द्वार की सुरक्षा व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया। एसपी ने प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने आभूषण कारोबारियों से बातचीत कर प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और उनकी कवरेज पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही दुकानों के अंदर और बाहर की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा अलार्म सिस्टम को हमेशा दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
दुकानों के अंदर-बाहर की गतिविधियों पर रखें पैनी नजर
एसपी भारत सोनी ने कहा कि आभूषण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए आधुनिक निगरानी उपकरणों का उपयोग आवश्यक है। दुकानदार उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाएं, ताकि प्रतिष्ठान में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें। उन्होंने प्रवेश एवं निकास द्वार पर विशेष निगरानी रखने और आभूषणों तथा नकदी के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी।


संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तत्काल पुलिस को दें सूचना
पुलिस अधीक्षक ने प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुकान के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देने या सुरक्षा संबंधी कोई आशंका होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस की पहल
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य आभूषण प्रतिष्ठानों में संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम करना, व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और शहर में सुरक्षित कारोबारी माहौल सुनिश्चित करना है।








