मैरवा की वृद्ध महिला के तीनों पुत्रों को 30 नवंबर को हाजिर कराने का आदेश
बुजुर्ग माता-पिता को भरण-पोषण राशि नहीं देने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
मनोज मिश्र l संवाददाता | सीवान
सीवान में बुजुर्ग माता-पिता की उपेक्षा करने और भरण-पोषण अधिकरण के आदेशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता के कार्यालय प्रकोष्ठ में बिहार माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिकरण की न्यायिक पीठ की बैठक आयोजित हुई। इसमें कई मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकरण ने आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ वारंट जारी करने और जेल भेजने की चेतावनी दी।
बेबी जायसवाल के घर के बाहरी बरामदे में सीढ़ी निर्माण का आदेश

फतेहपुर निवासी बेबी जायसवाल के मामले में अधिकरण सदस्य मनोज मिश्र और अनुराधा गुप्ता द्वारा की गई स्थलीय जांच रिपोर्ट पर विचार किया गया। अधिकरण ने पीड़िता के सुविधाजनक और बाधारहित जीवन के लिए बाहरी बरामदे में सीढ़ी निर्माण कराने का सर्वसम्मति से आदेश दिया।
भरण-पोषण राशि जमा करने पर सरस्वती देवी का मामला समाप्त
रफीपुर निवासी सरस्वती देवी के मामले में बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई। अधिकरण ने पाया कि उनके पुत्र रामशंकर यादव निर्धारित भरण-पोषण राशि नियमित रूप से बैंक खाते में जमा कर रहे हैं। इसके बाद मामले को समाप्त कर दिया गया।
तीन पुत्रों के खिलाफ वारंट, 30 नवंबर को पेशी
मैरवा के मिसकरही मोहल्ला निवासी कृष्णावती देवी के तीनों पुत्र लगातार अधिकरण के समक्ष उपस्थित होने से बच रहे थे। इस पर अधिकरण ने तीनों के खिलाफ वारंट जारी कर 30 नवंबर को उपस्थित कराने का आदेश दिया।
हसनपुरा के उसरी बुजुर्ग निवासी कन्हैया प्रसाद को उनके पुत्र प्रेम कुमार और कौशल कुमार द्वारा निर्धारित राशि नहीं देने पर अधिकरण ने वारंट जारी कर उपस्थित कराने का निर्णय लिया।
वहीं, लहेजी निवासी गोपालजी कुशवाहा की शिकायत पर अधिकरण ने उनके पुत्र को कड़ी फटकार लगाई। आदेश के बावजूद पुत्र-पुत्री द्वारा भरण-पोषण राशि नहीं देने पर शीघ्र भुगतान करने का निर्देश देते हुए वारंट और जेल भेजने की चेतावनी दी।
बैठक में अधिकरण अध्यक्ष सह एसडीएम आशुतोष गुप्ता, सदस्य मनोज मिश्र, अनुराधा गुप्ता, रबिन्द्र कुमार, अरुण कुमार और सहायक साजिद जमाल सहित पीड़ित बुजुर्ग एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।






