फोटो कैप्शन : मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चिंतामनपुर स्थित ममता मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण करते डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी एवं अन्य पदाधिकारी।
25 नवंबर को ममता मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के प्रथम सत्र का होगा शुभारंभ, मंच, हेलीपैड और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश
कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान
सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत कोरारी कला पंचायत के चिंतामनपुर गांव स्थित ममता मेडिकल कॉलेज एवं बी.वी. गिरि विश्वविद्यालय परिसर में 25 नवंबर को बिहार के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के हाथों एमबीबीएस के प्रथम सत्र का शुभारंभ प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर शनिवार, 21 नवंबर को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मंच निर्माण स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हेलीपैड निर्माण में तेजी लाने और बैरिकेडिंग पूरी करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने हेलीपैड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित और अतिक्रमणमुक्त रखने तथा सड़कों के दोनों किनारों पर रखी ईंटों को तत्काल हटाने को कहा।

सरकारी भवनों की मरम्मत और साफ-सफाई पर विशेष जोर
डीएम ने पंचायत सरकार भवन, विद्यालय एवं वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट की आवश्यक मरम्मत और रंग-रोगन कराने का निर्देश दिया। कार्यक्रम स्थल के आसपास आवारा पशुओं पर नियंत्रण रखने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसके अतिरिक्त मंच पर महिला पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण, गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज तथा दरौंदा के बीडीओ और सीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







