Patna News: 20 मंजिला इमारत में लगी आग का किया गया मॉक ड्रिल, 300 से अधिक लोगों ने देखा रेस्क्यू ऑपरेशन

Share

बिहार अग्निशमन सेवा ने पटना में आयोजित किया विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

गैस सिलेंडर ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट से आग बुझाने का लाइव प्रदर्शन

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l पटना।

बिहार अग्निशमन सेवा एवं गृह रक्षा वाहिनी द्वारा सोमवार को राजधानी पटना स्थित साकार एक्वासिटी परिसर में वृहद अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की स्थिति में बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों, फ्लैट मालिकों, सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों को आग लगने की आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम का आयोजन जिला अग्निशमन कार्यालय पटना के निर्देशन में अनुमंडल अग्निशमनालय, दानापुर द्वारा किया गया। इसमें बिहार अग्निशमन सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने कहा कि तेजी से बढ़ती बहुमंजिला इमारतों के बीच अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी हो गई है। समय रहते सतर्कता और सही प्रशिक्षण से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।

- Sponsored -

मॉक ड्रिल के दौरान 13 मंजिला और 20 मंजिला इमारतों में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया। टीम ने ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया। इसके लिए आधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और रोप रेस्क्यू तकनीक का उपयोग किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने लाइव रेस्क्यू ऑपरेशन को काफी करीब से देखा और उसकी सराहना की।

इसके अलावा गैस सिलेंडर से आग लगने, शॉर्ट सर्किट होने तथा एलपीजी और पीएनजी पाइप कनेक्शन से जुड़ी दुर्घटनाओं से निपटने का भी प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि छोटी लापरवाही किस तरह बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों को यह भी बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय सबसे पहले क्या कदम उठाने चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए।

कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक-सह-उप महासमादेष्टा सुधीर कुमार पोद्दार, उप महासमादेष्टा मनोज कुमार नट तथा जिला अग्निशमन पदाधिकारी रितेश कुमार पांडेय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी शशिकांत शर्मा, गयानंद सिंह और इंद्रजीत कुमार ने भी अपनी टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 300 से अधिक स्थानीय नागरिकों, अधिभोगियों, सुरक्षा गार्डों और स्टाफ ने भाग लिया। बिहार अग्निशमन सेवा ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग बनाया जा सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930