#Siwan: पंचायत स्तर पर लगेगा ‘सहयोग शिविर’, अब गांव में ही सुनी जाएगी जनता की फरियाद

Share

19 मई को सिवान की 38 पंचायतों में होगा आयोजन, डीएम ने कहा- शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान

आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सिवान जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में अब पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” आयोजित किए जाएंगे, जहां आम नागरिक सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को चयनित पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। जिले में पहला सहयोग शिविर 19 मई 2026 को आयोजित होगा।

जिला प्रशासन के अनुसार यह पहल “सात निश्चय-3” के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने निर्देश दिया है कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनहितकारी पहल का लाभ उठा सकें। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि सभी प्रखंडों की चयनित पंचायतों में दो पालियों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

- Sponsored -

पंचायत सरकार भवनों में जुटेंगे अधिकारी

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार शिविर पंचायत सरकार भवन अथवा निकट के सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होंगे। प्रत्येक पंचायत में वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और कई मामलों का निपटारा तत्काल किया जाएगा। जिन मामलों में समय लगेगा, उनमें त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वरीय पदाधिकारी शिविर की अध्यक्षता कर शिकायतों के समाधान की निगरानी करेंगे।

आवेदन लेने की तैयारी शुरू

प्रशासन ने शिविर से पूर्व ही आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था कर दी है। पंचायत, थाना, प्रखंड, अंचल एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारी अगले 30 दिनों तक लोगों से आवेदन प्राप्त करेंगे, ताकि शिविर में संबंधित शिकायतों पर त्वरित सुनवाई हो सके।

शिविर स्थलों पर आम लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सी-टेबल, पेयजल एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शिविर पूरी तरह जनसुविधा केंद्रित होंगे।

जिले की 38 पंचायतों में लगेगा शिविर

19 मई को प्रथम पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक पचरुखी के उखई, सिसवन के सिसवा कला, सीवान सदर के सियाड़ी, दरौंदा के पिनर्थ खुर्द, हुसैनगंज के सिधवल, रघुनाथपुर के कुशहरा सहित कुल 19 पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।

वहीं दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक पचरुखी के भटवलिया, सिसवन के रामपुर, सीवान सदर के सरावे, दरौंदा के करसौत, हुसैनगंज के प्रतापपुर समेत अन्य 19 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होंगे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे प्रशासन के समक्ष रखें और इस पहल का लाभ उठाएं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930