Shaheed Tribute: शहादत को सलाम: ऑपरेशन सिंदूर के वीर सपूत मोहम्मद इम्तियाज को प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

Share

बीएसएफ और जिला प्रशासन के संयुक्त कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, परिजनों को किया गया सम्मानित

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l छपरा।

देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बीएसएफ के वीर उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज को उनके प्रथम शहादत दिवस पर शनिवार को पूरे सम्मान और भावुक माहौल में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सीमा सुरक्षा बल (BSF) एवं जिला प्रशासन सारण के संयुक्त तत्वावधान में शहर के श्री भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को याद कर सभी की आंखें नम हो गईं।

कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 9 मई 2025 को जम्मू-कश्मीर में हुए घटनाक्रम तथा 10 मई को शहीद हुए उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज की वीरगाथा को विस्तार से याद किया गया। उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पूरा सभागार “भारत माता की जय” और “शहीद अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, गरखा विधायक सुरेंद्र राम, छपरा विधायक छोटी कुमारी, बीएसएफ के आईजी मधुकर, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, बीएसएफ कमांडेंट सुनील कुमार, आईटीबीपी कमांडेंट पीयूष पुष्कर, डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार झा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

- Sponsored -

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुई। बीएसएफ के आईजी मधुकर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वर्गीय मोहम्मद इम्तियाज ने देश की रक्षा करते हुए जिस अदम्य साहस का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने बीएसएफ की गौरवशाली यात्रा और देश की प्रथम रक्षा पंक्ति के रूप में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद इम्तियाज का बलिदान पूरे बिहार और देश को गौरवान्वित करता है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शहीद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार द्वारा उनके परिजनों को 50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई तथा उनके एक पुत्र को सरकारी नौकरी भी प्रदान की गई है।

वहीं सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इसे गर्व और भावुकता का क्षण बताते हुए कहा कि देश की सेना और बीएसएफ के जवानों की वजह से ही देश सुरक्षित है। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए वीर सपूत को नमन किया।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि सारण के इस वीर पुत्र ने देशहित में सर्वोच्च बलिदान देकर पूरे जिले का मान बढ़ाया है। उनका जीवन और शहादत हर नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम में किलकारी के कलाकारों ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। वहीं “ऐ मेरे वतन के लोगों” गीत की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। समारोह में शहीद की पत्नी, पुत्र, पुत्री एवं अन्य परिजन भी मौजूद रहे। स्काउट एंड गाइड, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31