Siwan: जनगणना में तेजी लाने के लिए रविवार को चलेगा विशेष अभियान, अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने का डीएम ने दिया निर्देश

Share

पंचायत सरकार भवन से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी; तकनीकी पदाधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का सख्त पालन करने का आदेश

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान |

जिला प्रशासन ने विकास योजनाओं की रफ्तार तेज करने और जनगणना कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को लेकर शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक संदेश दिया। समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक में जिले के सभी तकनीकी विभागों के पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं दूसरी ओर भारत की जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में तेजी लाने के लिए रविवार को विशेष अभियान चलाने का आदेश जारी किया गया है।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए भवन प्रमंडल सीवान तथा स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त सभी पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसके साथ ही सामुदायिक भवन-सह-वर्क शेड योजनाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित निर्माणाधीन सीएचसी, एपीएचसी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर परियोजनाओं की प्रगति पर भी गंभीरता दिखाई और BMSICL के अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी कहा गया कि जिन योजनाओं में भूमि विवाद अथवा अन्य प्रशासनिक अड़चनें आ रही हैं, वहां संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि सभी तकनीकी पदाधिकारी अपने विभागीय उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें, ताकि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे।

बैठक में विद्युत, पेयजल, ग्रामीण कार्य, पथ निर्माण, बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई, नहर, जल निस्सरण, शिक्षा आधारभूत संरचना, बुडको समेत कई विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इधर, जनगणना-2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को लेकर भी जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 17 मई, रविवार को विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र भ्रमण करें और जनगणना कार्य में तेजी लाएं। साथ ही, जिन प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की प्रगति संतोषजनक नहीं होगी, उनकी सूची कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को भेजी जाएगी।

चार्ज पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सभी पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर गुणवत्तापूर्ण डाटा संकलन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर उसका तत्काल संज्ञान लेकर समाधान करने को कहा गया है। जिला प्रशासन का मानना है कि सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031