भाजपा जिलाध्यक्ष बोले– कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत, जमीनी स्तर पर मजबूती से ही मिलेगा लक्ष्य
पालिटिकल डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। रघुनाथपुर (सिवान)।
रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रघुनाथपुर पूर्वी मंडल की ओर से मुरारपट्टी स्थित अशोका पैलेस में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करना, कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और आगामी कार्यक्रमों से अवगत कराना तथा संगठनात्मक कार्यों के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यशाला में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने पूरे माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

‘भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता’ – जिलाध्यक्ष
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसकी असली शक्ति उसके समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की जड़ें जितनी मजबूत होंगी, पार्टी उतनी ही प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगी। बूथ स्तर पर मजबूती को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने हर कार्यकर्ता से अपने-अपने क्षेत्र में निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

‘कार्यशाला देती है नई दिशा और ऊर्जा’ – पूर्व एमएलसी
पूर्व एमएलसी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि कार्यशालाएं केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं को नई दिशा, नई सोच और नई ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता प्रशिक्षित और जागरूक होते हैं, तभी संगठन मजबूत होता है। पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के हर वर्ग में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए निरंतर प्रयास की जरूरत है।

बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा
कार्यशाला के दौरान संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने, बूथ प्रबंधन को प्रभावी बनाने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि किस प्रकार वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचा सकते हैं। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया ताकि संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा, सत्यम सिंह, सोनू कुंदन सिंह, चंद्रविजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी यादव, विजय यादव, धर्मेंद्र चौरसिया, जेपी पांडे, अशोक दुबे, लक्ष्मीकांत पाठक, नागेंद्र सिंह, रामेश्वर सोनी, नरेश मद्धेशिया, गोधन चौबे और युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







