Siwan Court Threat: सिवान कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

Share

पहले भी मिल चुकी है धमकी, 28 जनवरी को भी आया था संदिग्ध मेल; अलर्ट पर पुलिस-प्रशासन

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान।

शुक्रवार को सिवान न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह धमकी एक अज्ञात ई-मेल के जरिए माननीय न्यायालय को भेजी गई, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, ई-मेल मिलने की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सदर-1 और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को न्यायालय परिसर में तैनात कर दिया गया। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर सघन जांच में जुट गया। टीम द्वारा कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी तरह के खतरे को टाला जा सके।

न्यायालय की सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। एंटी सबोटाज लोडिंग (ASL) चेकिंग के साथ-साथ सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के जरिए आने-जाने वाले लोगों की सख्ती से जांच की जा रही है। सुरक्षा के इन उपायों से पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

एहतियात के तौर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधनों को तैयार रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया गया है। न्यायालय परिसर में अनाधिकृत वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही आम लोगों और वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।

वहीं, साइबर टीम द्वारा धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए विशेष तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी
मालूम हो कि इससे पहले 28 जनवरी 2026 को भी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आधिकारिक ई-मेल पर सिवान कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश भेजा गया था। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई थीं और पूरे परिसर की जांच की गई थी। हालांकि, उस मामले में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031