पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री और सीवान सदर के विधायक मंगल पांडेय रहेंगे विशिष्ट अतिथि; एमबीबीएस बैच-2026 का होगा श्वेत कोट समारोह
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता | सीवान

सीवान जिले में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ने जा रही है। शहर में 25 नवंबर 2026 को ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन होगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान का उद्घाटन करेंगे। वहीं, बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री सह सीवान सदर के भाजपा विधायक मंगल पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर एमबीबीएस बैच-2026 के विद्यार्थियों के लिए श्वेत कोट समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
रविवार को सीवान परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय के निदेशक कौशल किशोर गिरि ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। श्वेत कोट समारोह के माध्यम से नए एमबीबीएस विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं के साथ अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत करने का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की मान्यता प्राप्त है। संस्थान भारत सरकार और बिहार सरकार से स्वीकृत है तथा वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज के अंतर्गत संचालित है।
सीवान समेत आसपास के जिलों को मिलेगा लाभ

कौशल किशोर गिरि ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से सीवान और आसपास के जिलों में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की संभावनाएं विकसित होंगी।
प्रेस वार्ता में दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, जदयू जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह उर्फ जीसू सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, रालोमो जिलाध्यक्ष रिजवान अहमद, भाजपा महामंत्री हरेंद्र सिंह कुशवाहा, उपाध्यक्ष सत्यम सिंह सोनू, मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक और जदयू जिला प्रवक्ता सुनील कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






