Congress: सीवान में कांग्रेस का बड़ा ऐलान: गैस किल्लत व महंगाई के खिलाफ 2 अप्रैल को प्रखंडों में प्रदर्शन, 3 को पटना में घेराव

Share

संवाददाता सम्मेलन में नेताओं ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

एलपीजी संकट को बताया विदेश नीति की विफलता; कीमत घटाने व सप्लाई बहाल करने की मांग

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान।
जिले में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस की किल्लत और बिजली दरों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने 2 अप्रैल को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन और प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने तथा 3 अप्रैल को पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा नियुक्त विशेष प्रवक्ता एवं सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय यादव ने कहा कि एलपीजी की भारी किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई पर सीधा असर डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज रसोई गैस महंगी और दुर्लभ हो गई है। उन्होंने कहा कि 7 मार्च 2026 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में ₹60 की बढ़ोतरी कर दी गई, जिससे पटना में इसकी कीमत ₹1000 से ऊपर पहुंच गई है।

डॉ. यादव ने सारण जिले के छपरा में हुई दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि गैस की कमी के कारण लकड़ी लाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। उन्होंने इसे सरकार की नीतिगत विफलता का परिणाम बताया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय हालात का हवाला देते हुए कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई, लेकिन सरकार इसे संभालने में विफल रही।

- Sponsored -

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि 2 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंडों में जोरदार प्रदर्शन होगा। उन्होंने राहुल गांधी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

महाराजगंज कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर भाई ने बताया कि जिले में गैस एजेंसियों पर अफरा-तफरी की स्थिति है। लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल रहा। महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है और उन्हें फिर से लकड़ी-गोबर के चूल्हे पर लौटना पड़ रहा है।

किसान कांग्रेस के राज्य महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि महंगे डीजल और गैस ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से हर जरूरी सामान की कीमत बढ़ रही है। वहीं, कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि पहले सब्सिडी वाली गैस मिलती थी, लेकिन अब सीमित सब्सिडी के कारण गरीबों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

नेता शशि कुमार और हाफिज जुबैर ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार के लगभग हर जिले में गैस की सप्लाई प्रभावित है और बुकिंग में देरी आम बात हो गई है। छोटे होटल, ढाबे और आम परिवार इस संकट से जूझ रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹500 से नीचे लाई जाए, 12 रिफिल तक सब्सिडी दी जाए, गैस की सप्लाई तत्काल बहाल की जाए और बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस ली जाए।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विधु शेखर पाण्डेय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम सिंह, अली हुसैन, रमेश उपाध्याय, मथुरा पंडित, राधेश्याम शर्मा, बच्चा सिंह, अमित कुशवाहा, अलाउद्दीन अहमद, अमितेश पाण्डेय, शहाबुद्दीन शाह, बिपिन झा, मो. सुहैल, संजय कुमार और छोटन सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930