Osama Shahab: अब जमीन विवाद में फंसे रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब, एक महीने में दर्ज हुआ दूसरा एफआईआर

Share

डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी ने महादेवा थाने में दर्ज कराया केस, पहले भी हसनपुरा में हुआ था मुकदमा

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान/पटना

जमीन विवाद के एक गंभीर मामले में रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के धर्मा परसा निवासी सिवान के चर्चित चिकित्सक डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह जो वर्तमान में न्यू यमन सहारा स्टेट खोराबार उर्फ सुब्बा नगर गौर गोरखपुर की निवासी हैं ने महादेवा थाने में विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। खास बात यह है कि पिछले एक महीने के भीतर विधायक पर यह दूसरा एफआईआर दर्ज हुआ है।

थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, डॉ. सुधा सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने पति के साथ 07 मई वर्ष 2024 में झुनापुर स्थित खाता संख्या 82, सर्वे संख्या 942 की करीब 11.90 डिसमिल जमीन विधिवत बैनामा के जरिए खरीदी थी, जिसकी जमाबंदी भी उनके संयुक्त नाम से दर्ज है। इस जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा था, तभी विधायक ओसामा सहाब के नाम का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोकने का दबाव बनाया गया।

पीड़िता का कहना है कि कागजात दिखाने के बावजूद उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 14 अप्रैल को फोन कर निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी गई और अगले ही दिन 30-35 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद लोगों ने मजदूरों पर हमला बोल दिया। मजदूरों के साथ मारपीट की गई, उनके मोबाइल छीन लिए गए और मौके पर लगे CCTV कैमरे को तोड़ दिया गया। साथ ही निर्माण में उपयोग हो रहे कटर मशीन सहित अन्य उपकरण भी उठा ले गए।

घटना के दौरान फरहान और साबिर नामक व्यक्तियों द्वारा मजदूरों को धमकी दी गई कि काम छोड़कर चले जाएं, अन्यथा अंजाम बुरा होगा। पीड़िता ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई बार निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया जा चुका था।

मामले में महादेवा थाना में कांड संख्या 73/26 दिनांक 15 अप्रैल 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

यह पहला मामला नहीं है जब विधायक ओसामा शहाब पर इस तरह के आरोप लगे हों। इससे पहले 5 अप्रैल 2026 को एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी चंदन सिंह ने भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया था।

लगातार दर्ज हो रहे मामलों से विधायक की कानूनी परेशानियां बढ़ती दिख रही हैं। वहीं, डॉ. सुधा सिंह ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है, ताकि वह अपनी जमीन पर बिना किसी भय के निर्माण कार्य करा सकें।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930