Independence Day: सीवान के गांधी मैदान में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, प्रभारी मंत्री ने फहराया तिरंगा

Share

देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को सीवान के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया

स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी, पर्वतारोही अवध मनी, मेधावी छात्र-छात्राएं और स्वतंत्रता सेनानी हुए सम्मानित

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को सीवान के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह में बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के मंत्री सह सीवान जिले के प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा। समारोह में जिले के वरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री ने परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया। जवानों ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ समारोह आगे बढ़ा। अपने संबोधन में मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, परिवहन, कल्याण, खेलकूद और पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

- Sponsored -

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की भी जानकारी दी। आम लोगों से सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होकर पात्रता के अनुसार लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार जनता के कल्याण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है तथा आगे भी विकास की गति जारी रहेगी।

वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी को किया सम्मानित

समारोह में जिले के वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह को प्रभारी मंत्री ने शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास के लिए उप विकास आयुक्त, लोक शिकायत के क्षेत्र में अपर समाहर्ता, पंचायती राज में बालेंद्र नारायण पांडेय, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में उपेंद्र कुमार यादव तथा सीवान सदर के अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारियों को सम्मान मिला।

सीवान के मैरवा निवासी पर्वतारोही अवध मनी को उनकी उपलब्धि के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। भूमिहीन परिवारों के बीच पर्चा वितरण भी किया गया। पर्चा मिलने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी नजर आई। जिले में सर्वाधिक टैक्स जमा करने वाले तीन व्यवसायियों को भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा-2026 में जिले में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

दयानंद मेडिकल कॉलेज में भी फहराया तिरंगा

इनसेट: दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सीवान में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने सचिव प्रो. डॉ. रामानंद पांडेय और सलाहकार डॉ. प्रजापति त्रिपाठी की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद डॉ. अंकेश मिश्रा ने उपस्थित लोगों को समाज के प्रति सच्ची निष्ठा रखने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

समारोह के अंत में बिहार गीत की प्रस्तुति के साथ स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031