प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हरकत देख टीम ने की घेराबंदी, मुरादाबाद ले जाने की थी तैयारी
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सीवान।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट सीवान की टास्क टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को 3.5 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सीवान रेलवे स्टेशन परिसर में नियमित गश्त और चेकिंग के दौरान की गई। पकड़े गए आरोपी ट्रेन के माध्यम से इस मादक पदार्थ को मुरादाबाद ले जाने की फिराक में थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चल रही विशेष चेकिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक सुबाष चंद्र यादव अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 के पश्चिमी छोर पर पहुंचे। यहां निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास एक सीमेंट बेंच पर तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों घबराकर वहां से भागने लगे, जिससे संदेह और गहरा गया।

भागने की कोशिश नाकाम, मौके पर ही दबोचे गए आरोपी
RPF टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उनके पास मौजूद “PRISM CEMENT दूर की सोच” लिखे जूट के थैले के बारे में पूछने पर वे टालमटोल करने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर एक आरोपी ने स्वीकार किया कि थैले में चरस है।
इसके बाद मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी को बुलाकर नियमानुसार तलाशी प्रक्रिया शुरू की गई। पहले पुलिस टीम ने आपसी तलाशी लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित की, फिर जूट के थैले की जांच की गई। थैले के अंदर एक कार्टून बॉक्स मिला, जिसमें सात पैकेट भूरे टेप से पैक थे। पैकेट खोलने पर लाल और सफेद पन्नी में लिपटी चरस बरामद हुई।

तीनों आरोपी गोरेया कोठी थाना क्षेत्र के निवासी
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अरविंद मिश्रा उर्फ छोटे मिश्रा (42 वर्ष), अंसार अली (54 वर्ष) और मनोज मुसहर (32 वर्ष) के रूप में हुई। तीनों सीवान जिले के गोरेया कोठी थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। उन्होंने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे चरस की तस्करी में संलिप्त हैं और इसे ट्रेन से बाहर भेजने वाले थे।

मोबाइल और नकदी भी जब्त, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
व्यक्तिगत तलाशी में आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और 10,770 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त चरस का वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से किया गया, जिसमें कुल 3 किलो 500 ग्राम पाया गया।
पूरी बरामदगी और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया गया। इस मामले में जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(c) के तहत कांड संख्या 46/26 दर्ज कर लिया है।
RPF टीम की सतर्कता से बड़ी तस्करी नाकाम
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुबाष चंद्र यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयेन्द्र मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र गुप्ता सहित अन्य जवान शामिल थे। RPF की इस सतर्कता से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी को समय रहते रोक लिया गया, जिससे अवैध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।






