LPG Supply: सिवान में गैस संकट की अफवाहों पर विराम: जिले में 17,768 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

Share

डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान।

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर चल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सिवान जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है।

डीएम ने आंकड़ों के साथ जानकारी देते हुए बताया कि इंडेन (IOCL) के 30 वितरकों के पास कुल 12,368 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं भारत गैस (BPCL) के 10 वितरकों के पास 3,157 सिलेंडर तथा एचपीसीएल के 8 वितरकों के पास 2,243 सिलेंडर मौजूद हैं। इस प्रकार जिले की कुल 48 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 17,768 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जो मांग के अनुरूप पर्याप्त है।

हर दिन हो रही आपूर्ति, घर-घर पहुंच रही गैस
जिला पदाधिकारी ने बताया कि सभी गैस कंपनियों द्वारा प्रतिदिन सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है। सिवान सदर अनुमंडल में 64 पिकअप वाहन और 40 ठेलों के माध्यम से गैस वितरण हो रहा है, जबकि महाराजगंज अनुमंडल में 15 पिकअप और 5 ठेलों से सप्लाई की जा रही है।

प्रशासन की सख्ती: औचक निरीक्षण और छापेमारी जारी
गैस वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण व्यवस्था की नियमित जांच की जा रही है। साथ ही औचक निरीक्षण और छापेमारी भी की जा रही है।

सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर गैस बेचने या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन से मिलेगी तुरंत सहायता
जनता की सुविधा के लिए सभी अनुमंडलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जबकि जिला स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। यहां प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

गैस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता 1906 (कॉमन इमरजेंसी हेल्पलाइन) पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा IOCL, BPCL और HPCL के टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं।

जमाखोरी, कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06154-242000 और 06154-242001 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन का संदेश: अफवाहों पर न दें ध्यान
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने भी बताया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और हर स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930