Bihar Sports: गुवाहाटी में सीवान की बेटियों का जलवा: 19वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में जीते 8 पदक

Share

बिहार टीम के लिए 5 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान; सिवान लौटने पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत

खेल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सीवान | कृष्ण मुरारी पांडेय

असम के गुवाहाटी स्थित Bhogeswari Indoor Stadium में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में सीवान की चार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक जीतकर जिले और बिहार का गौरव बढ़ाया है। 29 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सीवान की महिला खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के (-53 किलोग्राम) भार वर्ग में खेल रही कविता कुमारी ने गी और नो-गी ग्रैपलिंग स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं जूनियर वर्ग में मिनी कुमारी ने गी और नो-गी दोनों इवेंट में शानदार खेल दिखाते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता।

सीवान की एक अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी शगुफ्ता नाज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं सिमरन कुमारी ने भी एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर बिहार टीम के पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन चारों खिलाड़ियों ने मिलकर बिहार के खाते में कुल 8 पदक जोड़े, जिनमें 5 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं।

खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की मजबूत उपस्थिति दर्ज हुई। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद सीवान की बेटियां जिस तरह राष्ट्रीय मंच पर लगातार सफलता हासिल कर रही हैं, वह जिले में खेल प्रतिभाओं के उभरते भविष्य का संकेत है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रैपलिंग कोच मनीष तिवारी तथा बिहार महिला ग्रैपलिंग टीम की कोच श्रेया कुमारी को भी भारतीय ग्रैपलिंग संघ के पदाधिकारियों एवं मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की सफलता में कोचिंग स्टाफ की भूमिका को भी सराहा गया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पदक जीतकर लौटने पर सीवान जंक्शन पर खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सीवान ग्रैपलिंग संघ के संरक्षक प्रो. डॉ. राजा प्रसाद और संघ के उपाध्यक्ष संजय जायसवाल के नेतृत्व में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष अरविंद पाठक, अनमोल कुमार, समर्थ कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और खेल प्रेमी स्टेशन पहुंचे।

खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि सीवान की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम किया है।

ग्रैपलिंग संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी। सीवान की इन बेटियों की उपलब्धि ने जिले के खेल जगत में उत्साह का नया संचार कर दिया है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031