सिटी मांटेसरी स्कूल में शिक्षक दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम, शिक्षकों का हुआ सम्मान; विद्यार्थियों ने नृत्य और नाटक से बांधा समां
एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान।
शहर के गांधी मैदान स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्सवी माहौल में मनाया गया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में यूनियन बैंक की शाखा प्रबंधक स्मिता मिश्रा, कमलेश ओझा, अधिवक्ता शिवनाथ सिंह एवं आर.के. मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूली छात्राओं के मनमोहक स्वागत नृत्य ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
शिक्षक-शिष्य के रिश्ते पर भावुक नाटक ने छुआ दिल
विद्यार्थियों ने शिक्षक और शिष्य के पवित्र रिश्ते पर आधारित भावुक नाटक का मंचन किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाले नहीं, बल्कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में सही राह दिखाने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। विद्यार्थियों ने अपने संबोधन में शिक्षकों के योगदान और उनके प्रति सम्मान की भावना भी व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया और उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र का निर्माण करते हैं और उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करते हैं। शिक्षक श्रीराम साह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और विचारों को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति के व्यक्तित्व और संस्कारों का विकास करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं। पूरे दिन विद्यालय परिसर में उत्सव और उत्साह का माहौल रहा।
समारोह में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक संजय श्रीवास्तव, अरुणेश कुमार दूबे, कुमारी पार्वती कुशवाहा, अनिल कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।






