शिक्षक दिवस पर 35 उत्कृष्ट शिक्षकों का जिला स्तर पर सम्मान, विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडलों से दिखाई प्रतिभा
एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान।
शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी उनकी अहम भूमिका है। शिक्षक शिक्षा में बदलाव के सारथी बनकर विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की दिशा दिखाएं। यह बातें जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने शनिवार को महादेवा रोड स्थित सरस्वती विद्या निकेतन सह राजकीय वीएम उच्च विद्यालय सह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह-2026 के दौरान कहीं।
समारोह का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उप निदेशक उपेंद्र कुमार यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के 35 उत्कृष्ट शिक्षकों को जिला स्तर पर प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें 25 शिक्षक और 10 शिक्षिकाएं शामिल रहीं। उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित शिक्षकों ने नवाचार, तकनीक आधारित शिक्षण, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के हित में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
प्राचार्य राकेश कुमार सिंह को मिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान
कार्यक्रम में VMHS Model School, Siwan के प्राचार्य राकेश कुमार सिंह को भी जिला स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की सफलता में प्राचार्य राकेश कुमार सिंह की अहम भूमिका रही।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुभवी शिक्षकों अनिल कुमार पाण्डेय (केमिस्ट्री), प्रज्ञा रानी (भौतिकी) और रजनीश सर (बायोलॉजी) के मार्गदर्शन में विज्ञान विषय आधारित विभिन्न मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई। जिलाधिकारी समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता व वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
ICT लैब, स्मार्ट क्लास और NCC प्रदर्शन ने खींचा ध्यान
विद्यालय में संचालित ICT Lab और Smart Class का भी अधिकारियों ने अवलोकन किया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को बेहतर और प्रभावी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। वहीं राघवजी सर के नेतृत्व में NCC के विद्यार्थियों ने अनुशासन और प्रशिक्षण पर आधारित प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसे अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
डीएम ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों को खेल-कूद, साहित्य, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर भी लगा
समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभा दिखाई। निबंध, भाषण, मेहंदी, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिक्षकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेदांता अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम में म्यूजिक शिक्षक मुरारी सिंह, गेम शिक्षक रामख्याल और मैथ्स शिक्षक आफताब सर समेत विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






