Bihar Politics: कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की चार अहम मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग, जिला कार्यालय की जमीन बचाने से लेकर शहजाद हत्याकांड तक उठाए सवाल

Share

भू-माफियाओं से कांग्रेस कार्यालय की सुरक्षा, शहजाद अली के परिजनों को न्याय व सरकारी योजनाओं का लाभ

हसनपुरवा में पुलिस कार्रवाई की जांच और दुधड़ा हाई स्कूल के भवन निर्माण की मांग

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय से मुलाकात कर जिले से जुड़े चार महत्वपूर्ण मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस कार्यालय की ऐतिहासिक जमीन को भू-माफियाओं से बचाने, बड़हरिया के शिवराजपुर में हुई शहजाद अली की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, जीरादेई प्रखंड के हसनपुरवा गांव में पुलिस कार्रवाई की समीक्षा कराने तथा दुधड़ा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के भवन निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी को बताया कि जिला कांग्रेस कार्यालय की जमीन ऐतिहासिक धरोहर है। उनका कहना था कि यह जमीन स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में भूमिदाता गोकुल प्रसाद द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की उपस्थिति में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को कांग्रेस गतिविधियों के लिए दान की गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि वर्ष 1988 में डॉ. सीताराम वर्मा ने भी प्रशासन के समक्ष लिखित रूप से स्वीकार किया था कि इस भूमि पर उनके परिवार या वंशजों का कोई दावा नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जमीन की बढ़ती कीमतों के कारण भू-माफिया उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से देखते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने बड़हरिया के शिवराजपुर में शहजाद अली की हत्या का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने कहा कि मृतक का परिवार अत्यंत गरीब है और अब भी कई सरकारी योजनाओं से वंचित है। शहजाद अली के चार छोटे बच्चे हैं, जिनका आधार कार्ड नहीं बना है। उनकी पत्नी मोबीना समेत कई परिजनों का राशन कार्ड भी नहीं बन सका है। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ आवास, राशन और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।

हसनपुरवा गांव के मामले में प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि एक घटना के बाद दर्ज मुकदमे की आड़ में पुलिस निर्दोष ग्रामीणों को प्रताड़ित कर रही है। नेताओं ने कहा कि गांव के अधिकांश पुरुष भय के कारण घर छोड़कर बाहर रहने को मजबूर हैं, जिससे परिवारों के समक्ष जीविका, इलाज और सुरक्षा का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की।

इसके अलावा कांग्रेस नेताओं ने दुधड़ा उत्क्रमित उच्च विद्यालय को पूर्व की भांति शेखपुरा में संचालित करने तथा वहां चिन्हित भूमि पर नए विद्यालय भवन के निर्माण की मांग भी उठाई। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के सीवान जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, महाराजगंज जिलाध्यक्ष जवाहर भाई, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवधारी दुबे, डॉ. विधु शेखर पाण्डेय, अशोक कुमार सिंह, विश्वनाथ यादव, पूनम सिंह, हाफिज जुबैर, शशि कुमार, राधेश्याम शर्मा, ध्रुवलाल प्रसाद, शहाबुद्दीन साह, अमित कुशवाहा, विकास तिवारी, संजय कुमार और हशमत अली शामिल थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930