समारोह में जा रहे दंपती को अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर; चौड़ीकरण की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक सड़क रही जाम
सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। बड़हरिया (सीवान):
सिवान जिले के बड़हरिया-तरवारा मुख्य मार्ग पर रविवार को देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर सदमे में है। घटना पहाड़पुर गांव के पास उस समय हुई, जब दंपती बाइक से किसी पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बनियापुर थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर गांव निवासी मो. खालिद अपनी 30 वर्षीय पत्नी कुलसुम खातून के साथ बाइक से बड़हरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़पुर गांव के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में कुलसुम खातून के सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पति मो. खालिद घायल अवस्था में अपनी पत्नी के शव के पास बिलखते रहे। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अज्ञात ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
इधर, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज स्थानीय लोगों ने बड़हरिया-तरवारा मार्ग को जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि यह सड़क काफी संकरी है और यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क के चौड़ीकरण की मांग की।

सूचना पर थानाध्यक्ष छोटन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने के आश्वासन पर लोग शांत हुए और जाम समाप्त किया गया।






