रात 2 बजे के बाद से मोबाइल स्विच ऑफ; परिजन बोले—टिकट सिवान तक था, फिर कहां गए?
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सिवान
अंबाला से सिवान लौट रहे गोपालगंज जिले के युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस से सफर कर रहे 30 वर्षीय वीरेंद्र यादव गोंडा के बाद से लापता हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि ट्रेन सिवान स्टेशन सोमवार को पहुंची और आगे रवाना भी हो गई, लेकिन वीरेंद्र यादव ट्रेन से नहीं उतरे।
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव निवासी गौतम यादव के पुत्र वीरेंद्र यादव अंबाला से सिवान आने के लिए आम्रपाली एक्सप्रेस में सवार हुए थे। उनका टिकट अंबाला से सिवान तक का था। यात्रा के दौरान देर रात करीब 2 बजे तक परिजनों से उनकी बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद अचानक उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।

फोटो कैप्शन : शिकायतकर्ता लापता वीरेंद्र यादव के साले ओसिहार यादव
वीरेंद्र यादव के साले, सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के रहीमपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामेश्वर यादव के पुत्र ओसिहार यादव ने बताया कि रात 2 बजे के बाद से वीरेंद्र से संपर्क पूरी तरह टूट गया। परिजन यह सोचकर आश्वस्त थे कि वे सिवान पहुंचकर उतर जाएंगे, लेकिन जब ट्रेन सिवान स्टेशन से आगे निकल गई और वीरेंद्र नहीं उतरे, तब से परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
इस घटना के बाद परिजनों ने सिवान पहुंचकर जीआरपी को पूरी जानकारी दी है। पुलिस अब ट्रेन के कोच, यात्रियों और संभावित स्टेशनों के आधार पर जांच की दिशा तय कर रही है।
फिलहाल वीरेंद्र यादव का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






