Siwan News : पूर्व तैयारियों को लेकर सिवान में हुई समीक्षा बैठक, प्रभारी मंत्री रेणु देवी ने दिए कई निर्देश

Share

बाढ़ और सुखाड़ की आशंकाओं के मद्देनज़र सभी विभागों को सतर्क रहने का आदेश

बिहार न्यूज़ डेस्क, केएमपी भारत, पटना

सीवान समाहरणालय सभागार में आज संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ 2025 की पूर्व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार की पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री तथा सिवान की प्रभारी मंत्री श्रीमती रेणु देवी ने की। बैठक सुबह 11:30 बजे प्रारंभ हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी व कार्यपालक अभियंतागण उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में जिला में वर्षापात की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि 09 जुलाई 2025 तक सिवान में सामान्य से 33.47% कम वर्षा हुई है। इस पर मंत्री महोदया ने कृषि विभाग के साथ समन्वय कर सुखाड़ की स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया।

माननीय मंत्री ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सिविल सर्जन ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाएं, सर्पदंश की चिकित्सा सामग्री, मोबाइल स्वास्थ्य सुविधा और रिजर्व बेड की व्यवस्था की जा चुकी है।

बाढ़ की स्थिति में तटबंधों की सुरक्षा को लेकर जल संसाधन विभाग को कड़े निर्देश दिए गए। वहीं, बाढ़ से निपटने के लिए सरकारी व निजी नावों की व्यवस्था, आश्रय स्थलों की पहचान तथा जिला स्तरीय कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लिए जाने की जानकारी दी गई।

पशुओं की देखभाल को लेकर पशु चारा और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पीएचईडी विभाग ने बताया कि जिले के 40,100 चापाकलों में से अब तक 1,959 की मरम्मत की जा चुकी है और बाकी पर कार्य जारी है।

ग्रामीण कार्य विभाग को सभी पुल-पुलिया और भेंटों की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने स्वयं निरीक्षण की बात कही। बिजली आपूर्ति के लिए 47 कृषि फीडरों को सक्रिय रखा गया है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।

आपदा के समय जिले का आपातकालीन संचालन केंद्र 24×7 कार्यरत रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06154-242000/242001 एवं मोबाइल नंबर 9473328100 है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, सभी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कन्हैया कुमार उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31