Siwan (Maharajganj): छात्राओं से छेड़खानी करता पकड़ा गया शिक्षक, ग्रामीणों ने जमकर की धुनाई

Share

सिवान के महाराजगंज में प्राथमिक विद्यालय की घटना, ग्रामीणों ने बंद कमरे में किया कैद, पुलिस ने बचाया

स्टेट डेस्क, केएमपी भारत, पटना

सिवान जिला अंतर्गत महाराजगंज अनुमंडल के राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय, कपिया में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया जब वर्ग 2 और 4 की छात्राओं के साथ अश्लील हरकत कर रहे शिक्षक रामेश्वर साह को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पहले तो शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी और फिर उसे एक कमरे में बंद कर दिया।

प्रतिदिन करता था अश्लील हरकतें, शुक्रवार को परिजनों को दी जानकारी

छात्राओं के परिजनों ने बताया कि शिक्षक रामेश्वर साह आए दिन बच्चियों के साथ अनुचित व्यवहार करता था। शुक्रवार को बच्चियों ने हिम्मत कर इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण शनिवार को विद्यालय पहुंच गए और शिक्षक को रंगे हाथों पकड़ लिया।

112 नंबर पर दी गई सूचना के बावजूद दो घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस, आक्रोशित हुए ग्रामीण

घटना की जानकारी तत्काल 112 नंबर पर दी गई, लेकिन पुलिस वाहन दो घंटे तक नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में और भी अधिक आक्रोश फैल गया। बाद में एक ग्रामीण ने एसपी मनोज कुमार तिवारी को व्यक्तिगत रूप से सूचना दी। एसपी के निर्देश पर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार, पुलिस उप निरीक्षक ललन सिंह व ओम प्रकाश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने किया रेस्क्यू, ग्रामीण फिर भी मारने पर आमादा

पुलिस जब आरोपी शिक्षक को बंद कमरे से निकालकर गाड़ी तक लेकर जा रही थी, तब भी ग्रामीण उसे मारने के लिए बेताब थे। भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने शिक्षक को अपनी सुरक्षा में वाहन में बैठाया और थाने ले गई।

बीईओ ने कहा- “शिक्षक का कार्य घृणित, भेजा गया निलंबन का प्रस्ताव”

विद्यालय पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजकिशोर उपाध्याय ने छात्राओं और ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शिक्षक रामेश्वर साह का कृत्य अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को निलंबन हेतु पत्र भेज दिया गया है। सोमवार से विद्यालय संचालन के लिए दो महिला शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, पीएचसी में इलाज के बाद भेजा जाएगा जेल

थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि शिक्षक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल उसका प्राथमिक उपचार पीएचसी में कराया गया है, इसके बाद उसे जेल भेज दिया जाएगा।

दो साल से कर रहा था सेवा, मूल पदस्थापन महुआरी विद्यालय में

बताया गया कि शिक्षक रामेश्वर साह की मूल पदस्थापना महुआरी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में है, लेकिन वह बीते दो वर्षों से कपिया के कन्या प्राथमिक विद्यालय में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत था।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31