Anti Adulteration Drive: छठ-दिवाली पर मिलावटी मिठाई बनाने और बेचने वालों पर अब गिरेगी गाज : सीवान में 7 दिनों तक चलेगा विशेष जांच अभियान

Share

फोटो कैप्शन : दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सीवान जिला प्रशासन की ओर से जारी विशेष खाद्य सुरक्षा जांच अभियान का कार्यक्रम एवं जांच दलों की सूची।

छठ-दिवाली पर मिलावटी मिठाई बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त हुआ सीवान का जिला प्रशासन

- Sponsored -

19 प्रखंडों और 9 नगर निकायों में मिठाई दुकानों, होटलों व खाद्य प्रतिष्ठानों की 1 नवंबर से शुरू होगी जांच; मिलावट मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत होगी कड़ी कार्रवाई

1 से 7 नवंबर तक चलेगा अभियान, जांच के लिए पदाधिकारियों की तैनाती; मिठाइयों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण और लाइसेंस की होगी पड़ताल

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान

- Sponsored -

दीपावली और छठ महापर्व के दौरान मिलावटी मिठाइयां बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सीवान जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देश पर जिले में सात दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 1 से 7 नवंबर 2026 तक सभी 19 प्रखंडों और 9 नगर निकायों में मिठाई दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जाएगी। जांच में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने इस अभियान को ‘सीवान के थाली, शुद्ध होवे हमार छठ-दिवाली’ नाम दिया है। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

अलग-अलग प्रखंडों में जांच दल तैनात, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

जिला प्रशासन ने अभियान के लिए प्रखंडवार जांच कार्यक्रम निर्धारित करते हुए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। निरीक्षण की जिम्मेदारी संतोष कुमार सिन्हा, आशुतोष सिंह यादव, गुलाम अली हुसैन, चंदन कुमार, मंजय कुमार, अरुण कुमार, अमरेन्द्र कुमार, कैलाश नाथ, मुन्ना कुमार, विकास कुमार, राजेश कुमार और राहुल राज सहित अन्य पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

इनके साथ आयुष चिकित्सक एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़े अधिकारी भी जांच में सहयोग करेंगे।

एक नवंबर को सीवान सदर, पचरुखी, मैरवा और दरौली में जांच होगी। दो नवंबर को गुठनी, दरौंदा, हसनपुरा और सिसवन तथा तीन नवंबर को आंदर, जीरादेई, बड़हरिया और हुसैनगंज में निरीक्षण किया जाएगा। चार से सात नवंबर के बीच शेष निर्धारित प्रखंडों एवं नगर निकायों में अभियान चलेगा।

मिठाइयों में मिलावट और प्रतिबंधित रंगों की होगी जांच

जांच दल मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले खोया, छेना, पनीर, घी, तेल और खाद्य रंगों की गुणवत्ता की पड़ताल करेंगे। चांदी के वर्क की शुद्धता, बार-बार गर्म किए गए तेल के इस्तेमाल और दूध से बनी मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण पर विशेष नजर रहेगी।

दुकानों की साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वच्छता और मिठाइयों पर ‘बेस्ट बिफोर डेट’ प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी जांची जाएगी।

खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर होगी जांच, गड़बड़ी पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए जाएंगे। प्रतिष्ठानों के एफएसएसएआई लाइसेंस एवं पंजीकरण की जांच भी होगी। सभी जांच दलों को निर्धारित प्रारूप में निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

जांच में असुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतें, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

जिला प्रशासन ने लोगों से मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता और उपयोग की अंतिम तिथि पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मिलावट की शिकायत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. अंकुर कुमार श्रीवास्तव के मोबाइल नंबर 9792639797 पर की जा सकती है।

जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देशानुसार, जांच में दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031