20 दिसंबर को सिवान के उमैद पैलेस में होगा महासमागम
जामो में सैकड़ों लोगों ने लिया एकजुटता का संकल्प, बच्चों और युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता | सिवान
सिवान में आगामी 20 दिसंबर को आयोजित होने वाले विराट सोनार महासमागम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के उद्देश्य से स्वर्णकार संघ सिवान की टीम ने मंगलवार की शाम जामो बाजार और रघुनाथपुर का दौरा किया। इस दौरान समाज के लोगों से संपर्क कर महासमागम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। जामो बाजार में आयोजित बैठक में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही। खास बात यह रही कि कार्यक्रम को लेकर बच्चों और युवाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी हुए शामिल
जामो में आयोजित बैठक में स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय, जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, जिला कोषाध्यक्ष मुन्ना सोनी, जिला स्वर्णकार संघ के राजू सोनी, कंचन सोनी तथा जामो स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष नितेश सोनी सहित स्थानीय संघ की पूरी कार्यकारिणी उपस्थित रही। पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से महासमागम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

रघुनाथपुर में भी पहुंची टीम, महासमागम को लेकर किया जनसंपर्क
महासमागम की तैयारियों के क्रम में स्वर्णकार संघ की टीम रघुनाथपुर भी पहुंची। यहां समाज के लोगों से संपर्क कर आगामी कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता, सुरक्षा और सम्मान के लिए अधिक से अधिक लोगों को एक मंच पर आने का आह्वान किया।
स्वर्णकारों की सुरक्षा और सम्मान का उठेगा मुद्दा
आयोजकों के अनुसार, 20 दिसंबर को पचरुखी बाईपास स्थित उमैद पैलेस में विराट सोनार महासमागम आयोजित होगा। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से स्वर्णकार समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। महासमागम में स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा, दुकानों में लूटपाट, हिंसक घटनाओं की रोकथाम तथा समाज के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने, कारीगरों और शिल्पकारों के हितों की रक्षा तथा समाज को संगठित और आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
घर-घर पहुंचेगा महासमागम का संदेश
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी एकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। जामो स्वर्णकार संघ के सदस्यों ने महासमागम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने का संकल्प लिया। आयोजक समिति ने पूरे बिहार के स्वर्णकार समाज से 20 दिसंबर को सिवान पहुंचने की अपील की है। कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए हेल्प डेस्क नंबर 9711510991 जारी किया गया है।






