DurgaPuja 2025: नालंदा : डीएम-एसपी ने दुर्गा पूजा को लेकर कसी कमर, सुरक्षा-व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

Share

पूजा पंडालों में CCTV, ड्रोन से निगरानी; DJ पर रहेगा प्रतिबंध

बिहार डेस्क l केएमपी भारत l पटना

बिहारशरीफ (अविनाश पांडेय)। 18 सितंबर 2025 को नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत की संयुक्त अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। उद्देश्य था जिले में दुर्गा पूजा और अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण, हर्षोल्लास और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना।

डीएम ने कहा कि सभी छोटे-बड़े पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस अनिवार्य होगा। SOP शर्तों के अनुसार मूर्ति विसर्जन का रूट और समय पहले से तय रहेगा। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक पंडाल से 20 वॉलिंटियर्स का पहचान पत्र और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। रात में पंडाल में ड्यूटी पर मौजूद वॉलिंटियर्स की पहचान सुनिश्चित करनी होगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए अधिकारियों ने कहा कि सभी पंडालों में CCTV कैमरे और ड्रोन से निगरानी होगी। पंडालों की वीडियोग्राफी अनिवार्य रहेगी। नदियों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक भारत ने कहा कि गुंडा परेड कराई जाएगी। उपद्रवी और संदिग्ध तत्वों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। ट्रैफिक मैनेजमेंट सुदृढ़ करने, फ्लैग मार्च निकालने और लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया गया। हर्ष फायरिंग व शराब पीकर उपद्रव करने वालों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर कड़ी कार्रवाई होगी।

संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाएगी। पूजा समितियों के शस्त्र लाइसेंसधारियों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य होगा।

बैठक में नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर निगम, नगर निकाय प्रतिनिधि, विभिन्न थाना के थानाध्यक्ष, और जिला शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में मनाएं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930