JDU Siwan: जदयू जिला अध्यक्ष का चुनाव 01 मार्च को: सिवान में मंथन तेज, अबकी बार किसके सिर सजेगा ताज?

Share

20 से 23 फरवरी के बीच प्रखंड अध्यक्षों का चुनाव; कोर कमेटी की बैठकों के बीच नेताओं के समर्थकों में बढ़ी हलचल

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सिवान की सियासत गर्म होनी शुरू हो गई है। 01 मार्च 2026 को जिला अध्यक्ष का चुनाव होना है, जबकि 20 से 23 फरवरी के बीच प्रखंड अध्यक्षों के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही संगठन के अंदर और बाहर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कार्यकर्ता अपने-अपने दावेदारों के समर्थन में सक्रिय हो गए हैं और राजनीतिक गलियारों में कयासों का बाजार गर्म है।

फिलहाल सिवान जदयू के जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह हैं। वे इससे पहले भी इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। हालांकि इस बार के चुनाव को लेकर कई नए समीकरण उभरते दिख रहे हैं। पार्टी की कोर कमेटी की बैठकें जारी हैं, जिसमें संगठन की भावी रणनीति और नेतृत्व को लेकर मंथन चल रहा है।

रमेश कुशवाहा का प्रभाव निभा सकता है निर्णायक भूमिका
आम चर्चा है कि इस बार वर्तमान सांसद श्रीमती विजयलक्ष्मी देवी के पति पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा का प्रभाव निर्णायक भूमिका निभा सकता है। राजनीतिक हलकों में यह भी कहा जा रहा है कि जिस उम्मीदवार के सिर पर पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा का हाथ होगा, वही जिला अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंच सकता है।

कविता सिंह का प्रभाव कम होने की चर्चा
संगठन के भीतर यह भी चर्चा है कि इस बार पूर्व सांसद कविता सिंह का प्रभाव पहले जैसा नहीं दिख रहा है। हालांकि इस संबंध में पार्टी स्तर पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि जिला अध्यक्ष के चयन में इस बार समीकरण बदले हुए नजर आ सकते हैं।

- Sponsored -

जीशू सिंह का नाम रेस में
रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू के पूर्व प्रत्याशी विकास कुमार सिंह उर्फ जीशू सिंह का नाम संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है। चर्चा है कि उन्हें जिला अध्यक्ष का ताज मिल सकता है। हालांकि जीशू सिंह ने खुद इस पर संयमित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से होगा। कोर कमेटी की बैठक चल रही है। संगठन जिस पर विश्वास जताएगा, वही जिला अध्यक्ष बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी देगी जो सिवान में जदयू को और भी अधिक मजबूत कर सके।

वर्तमान जिलाध्यक्ष ने साधी चुप्पी
मौजूदा जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह ने कहा कि अभी इस विषय पर कोई औपचारिक चर्चा नहीं हो रही है। कोर कमेटी की बैठकें चल रही हैं और 1 मार्च को चुनाव होना है। संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत ही निर्णय लिया जाएगा।

उधर जिला अध्यक्ष के चुनाव से पहले प्रखंड अध्यक्षों के चुनाव अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि इन्हीं के आधार पर जिला स्तर का समीकरण तय होगा। ऐसे में आने वाले दिन सिवान जदयू की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। अब सबकी नजर 01 मार्च पर टिकी है, जब तय होगा कि जदयू जिलाध्यक्ष का ताज आखिर किसके सिर सजेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031