Katihar News: होली से पहले मद्य निषेध टीम की बड़ी कार्रवाई: 31.55 लीटर शराब के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

Share

कटिहार में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी, विदेशी और देसी शराब बरामद; उत्पाद अधीक्षक बोले – अवैध तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं


डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

अमर प्रताप | कटिहार

होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 31.550 लीटर देसी एवं विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सहित पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बलरामपुर थाना क्षेत्र के रास्ते शराब तस्कर बाइक के जरिए उफरैल की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए टीम ने उफरैल के समीप विशेष जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान संदेह के आधार पर एक बाइक सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक से 14.550 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके पर ही बाइक चालक दीपेन साह को गिरफ्तार कर लिया गया तथा मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।

- Sponsored -

इसके अलावा जिले के अन्य हिस्सों में भी छापेमारी की गई।

  • मनिहारी क्षेत्र से अनिल महतो और सुशीला देवी को गिरफ्तार किया गया
  • मनसाही थाना क्षेत्र से संजीत भुइया पकड़े गए
  • सहायक थाना अंतर्गत इमरजेंसी कॉलोनी से गोबिंद बसफोर को दबोचा गया

इन सभी के पास से कुल 17 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

दोनों मामलों को मिलाकर मद्य निषेध टीम ने कुल 31.550 लीटर शराब जब्त की है और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होली जैसे त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जा रही है और विभाग की टीम लगातार निगरानी में जुटी हुई है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो निडर होकर विभाग को सूचित करें। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मद्य निषेध विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31