Siwan Police: मैरवा थाने की हाजत तोड़कर फरार हुआ आरोपी, लापरवाही पर 1 पुलिस पदाधिकारी व 2 चौकीदार निलंबित

Share

दो गृहरक्षकों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान। संवाददाता
मैरवा थाना में हाजत से एक आरोपी के फरार हो जाने के मामले को पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में एक पुलिस पदाधिकारी सहित दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात दो गृहरक्षकों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मैरवा थाना कांड संख्या 96/26, दिनांक 27 फरवरी 2026 में गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज अंसारी, पिता स्वर्गीय नसरुल्लाह अंसारी, निवासी अदमापुर थाना रघुनाथपुर, जिला सिवान को पूछताछ के बाद थाना हाजत में रखा गया था। लेकिन उसी रात आरोपी ने थाना हाजत की दीवार तोड़कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।

घटना के समय थाना हाजत की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, चौकीदार बुलेट कुमार तथा चौकीदार राजेश्वर मांझी के पास थी। इसके अलावा थाना संतरी ड्यूटी में गृहरक्षक राजबली पंडित और अवध किशोर राम तैनात थे। आरोपी के फरार होने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस उपनिरीक्षक अवधेश कुमार तथा चौकीदार बुलेट कुमार और राजेश्वर मांझी को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान तीनों का मुख्यालय पुलिस केन्द्र सिवान निर्धारित किया गया है तथा उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता दिया जाएगा।

- Sponsored -

वहीं ड्यूटी पर मौजूद गृहरक्षक राजबली पंडित और अवध किशोर राम के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इनके अनुबंध को निरस्त करने के लिए जिला पदाधिकारी सिवान को प्रतिवेदन भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर फरार आरोपी फिरोज अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930