मैरवा में गोलीकांड के बाद हथियार के साथ दो बदमाश पकड़े गए
बसंतपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने की तैयारी
सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।
जिले में सक्रिय पुलिसिंग के तहत सिवान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर मैरवा थाना क्षेत्र में गोलीकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर बसंतपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को दबोच लिया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

गोलीकांड के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार के साथ दो गिरफ्तार
मैरवा थाना क्षेत्र के तितरा गांव में 28 मार्च की रात करीब 9:45 बजे विजय कुमार नामक व्यक्ति को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत सदर अस्पताल, सिवान में भर्ती कराया गया।
घायल के फर्द बयान के आधार पर मैरवा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तितरा निवासी रोहित कुमार और मोहित कुमार उर्फ मोहित पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहित कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और लूट जैसे गंभीर मामलों में पहले भी केस दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।
इनसेट : दुष्कर्म मामले में भी आरोपी गिरफ्तार, स्पीडी ट्रायल की तैयारी
सिवान। दूसरी बड़ी कार्रवाई बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां 27 मार्च को शेखपुर गांव में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने खुद मौके पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया।

मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सवाली कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी सूर्यपुरा गांव का निवासी है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया है और मामले की गहन जांच जारी है।
कड़ी कार्रवाई का भरोसा, स्पीडी ट्रायल से मिलेगी सजा
सिवान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में त्वरित अनुसंधान पूरा कर आरोपी को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
मैरवा मामले में थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में संतोष कुमार जायसवाल, अरविंद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। वहीं बसंतपुर मामले में थानाध्यक्ष और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की






