Gopalganj: गैस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं: जिले में 17 हजार से अधिक सिलेंडर उपलब्ध, सप्लाई पूरी तरह सामान्य

Share

मध्य पूर्व के तनाव के बीच प्रशासन सतर्क; हर प्रखंड में दंडाधिकारी तैनात, शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम भी शुरू

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। पटना/गोपालगंज |

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का दावा किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी गोपालगंज पवन कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है। साथ ही आम उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की गई है।

प्रेस वार्ता के दौरान एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के प्रबंधकों द्वारा गैस उठाव और वितरण से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि तीनों कंपनियों के एजेंसियों के पास कुल 17,070 घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) उपलब्ध हैं, जो वर्तमान मांग के अनुरूप पर्याप्त हैं।

आईओसीएल के तहत जिले में 26 विक्रेता कार्यरत हैं, जिनके पास 8,013 सिलेंडर का स्टॉक है। वहीं बीपीसीएल के 8 थोक विक्रेताओं के पास 4,237 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा एचपीसीएल के 12 विक्रेताओं के पास 4,820 सिलेंडर मौजूद हैं। इस प्रकार तीनों कंपनियों का संयुक्त स्टॉक जिले की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मध्य पूर्व क्षेत्र में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी तनावपूर्ण स्थिति के कारण गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी के तहत सभी गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था में कोई बाधा न आए।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने हर प्रखंड में दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की है, जो गैस वितरण की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम में पालीवार कर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे 24 घंटे शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।

जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06156-227007, 227507, 227508, 227509 और 227510 जारी किए गए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर इन नंबरों पर संपर्क करें।

इस पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में अनुमंडल पदाधिकारी, गोपालगंज एवं हथुआ की भूमिका भी अहम बताई गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी एजेंसियों द्वारा डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

जिला पदाधिकारी ने अंत में पुनः स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031