Siwan: डीएम विवेक रंजन मैत्रेय बोले— जिले में 31 हजार से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

Share

सिवान में गैस संकट की अफवाहों पर प्रशासन सख्त

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान l

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का दावा किया है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी एजेंसियों के माध्यम से लगातार आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने बताया कि इंडेन (IOCL) के जिले में कुल 30 वितरक हैं, जिनके पास वर्तमान में 20 हजार 910 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं भारत गैस (BPCL) के 10 वितरकों के पास 6 हजार 280 सिलेंडर तथा हिंदुस्तान गैस (HPCL) के 8 वितरकों के पास 4 हजार 340 घरेलू गैस सिलेंडर मौजूद हैं। इस प्रकार जिले की कुल 48 गैस एजेंसियों में 31 हजार 530 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

हर दिन हो रही आपूर्ति, घर-घर पहुंच रही गैस

जिला प्रशासन के अनुसार सभी गैस कंपनियों द्वारा प्रतिदिन एजेंसियों तक सिलेंडरों की निरंतर आपूर्ति की जा रही है। घरेलू गैस की होम डिलीवरी भी पूरे जिले में नियमित रूप से जारी है। प्रशासनिक स्तर पर इसकी लगातार निगरानी की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डीएम ने बताया कि सिवान सदर अनुमंडल में 81 पिकअप वाहन और 41 ठेलों के माध्यम से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जबकि महाराजगंज अनुमंडल में 23 पिकअप वाहन इस कार्य में लगाए गए हैं। सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद समय पर उपभोक्ताओं तक गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें।

औचक निरीक्षण और छापेमारी जारी

प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण व्यवस्था की लगातार जांच की जा रही है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण और छापेमारी कर रहा है। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर सिलेंडर बेचने, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने अथवा जमाखोरी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि गैस एजेंसियों के गोदामों पर जरूरत के अनुसार दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और आपूर्ति निरीक्षक भी लगातार जांच अभियान चला रहे हैं।

24 घंटे सक्रिय है नियंत्रण कक्ष

उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 24X7 सक्रिय रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या आपूर्ति में परेशानी की स्थिति में तुरंत शिकायत करें।

इसके लिए कॉमन इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1906 जारी किया गया है। वहीं IOCL के लिए 1800-2333-555, BPCL के लिए 1800-22-4344 और HPCL के लिए 1800-2333-555 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06154-242000 और 06154-242001 भी जारी किए गए हैं।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आम लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031