Jewellery Loot: जामापुर ज्वेलरी लूटकांड: पीड़ित परिवार से मिला स्वर्णकार संघ, अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

Share

एसडीपीओ से मुलाकात कर सुरक्षा बढ़ाने और लूटे गए आभूषण बरामद करने की उठाई मांग, पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई का दिया भरोसा

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान l

जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र अंतर्गत जामापुर बाजार स्थित साईं ज्वेलर्स में 6 मई 2026 को दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए के आभूषण लूट मामले को लेकर अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ जिला इकाई, सिवान की टीम ने पीड़ित दुकानदार और उनके परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। संघ के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

स्वर्णकार संघ की टीम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनंद कुमार सोनी एवं जिला महासचिव विजय कुमार सोनी ने किया। टीम में राजू कुमार, जयप्रकाश सोनी, विष्णु सोनी, मनोज कुमार सोनी सहित कई स्थानीय स्वर्ण व्यवसायी भी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने साईं ज्वेलर्स पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली और पीड़ित परिवार की स्थिति पर चिंता जताई।

संघ के नेताओं ने कहा कि दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में हुई इस बड़ी लूट की घटना ने जिले के स्वर्ण व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। अपराधियों द्वारा जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया, उससे व्यवसायियों में दहशत है। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो स्वर्ण व्यवसायियों का भरोसा कानून-व्यवस्था पर कमजोर होगा।

- Sponsored -

पीड़ित परिवार से मिलने के बाद स्वर्णकार संघ की टीम ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरी कुमारी से मुलाकात की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। साथ ही घटना में शामिल अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर लूटे गए आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

जिला महासचिव विजय कुमार सोनी ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायी लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं। ऐसे में बाजारों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने तथा स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर विशेष योजना बनाने की आवश्यकता है।

मामले पर एसडीपीओ गौरी कुमारी ने संघ के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि पुलिस इस लूटकांड को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस मामले में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा लूटे गए आभूषणों की भी बरामदगी की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31